ताजा खबर

समुद्री तूफान निवार के असर से बदला मौसम
26-Nov-2020 1:19 PM
समुद्री तूफान निवार के असर से बदला मौसम

   कहीं बूंदाबांदी और तेज ठंडी हवाओं से गिरा तापमान   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 नवंबर।
देश के दक्षिण इलाके तमिलनाडु और पांडिचेरी में उठे समुद्री तूफान ‘निवार’ के असर से जिले में भी मौसम ने करवट ली। एकाएक अलसुबह बदली भरे मौसम के साथ ठंडी हवाओं ने जोर पकड़ लिया। लिहाजा गुरुवार पूरे दिन बादल-बदली के चलते तापमान में काफी गिरावट आ गई।  पारा लुढक़ने के चलते ठंड का व्यापक असर रहा। 

जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई। सप्ताहभर के भीतर एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी है। करीब 10 दिन पहले तेज बारिश होने से खड़ी फसलें चौपट हो गई। बरसात के बाद मौसम सर्द हुआ। दो-तीन दिन तक सर्दीले मौसम के बाद फिर से बदली छा गई। समुद्री तूफान ‘निवार’ ने छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी अपना असर डाला है। 

बताया जा रहा है कि चेन्नई के उपनगरों में समुद्री तूफान ‘निवार’ के चलते रूक-रूककर बारिश हो रही है। इसका असर छत्तीसगढ़ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी हुआ है। वहीं राजनांदगांव जिले में भी सुबह से आसमान में बादल छाने से तापमान लुढक़ गया है। वहीं लोग सुबह से ही गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। वहीं किसान भी आसमान में बादल छाने और बारिश की आशंका को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। जिले के कुछ इलाकों में फसल कटाई अभी शेष है जिसको लेकर किसानों के मन में चिंता की लकीरें साफ दिख रही है। गुरुवार को आसमान में धूप और छांव की स्थिति बनने से लोगों को कंपकपी भी होने लगी है।
 
मिली जानकारी के अनुसार समुद्री तूफान ‘निवार’ के असर को देखते दक्षिण रेल्वे ने उपनगरीय ट्रेन सेवाओं और कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है।  सूत्रों का कहना है कि आज रात उत्तर पश्चिम की ओर चक्रवाती तूफान निवार की बढऩे और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के आसपास मल्लपुरम और कराईकल के बीच पुडुचेरी तटों को पार करने की संभावना है। ऐसे में राजनांदगांव जिले समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी  इसका असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में तापमान गिरने से बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का खतरा बढऩे की संभावना है।


अन्य पोस्ट