ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 10 नवंबर। मरवाही में कांग्रेस जीत के नजदीक पहुंच चुकी है। 16वें राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केके ध्रुव 27 हजार 606 मतों की बढ़त पर हैं। कुल 21 राउंड की गिनती के बाद जीत का अंतर स्पष्ट हो सकेगा।
16वें राउंड की गिनती के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी ध्रुव को 62 हजार 860 वोट तथा भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह को 35 हजार 254 वोट मिले हैं। मतदान के बाद मरवाही में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर के कयास लगाये जा रहे थे। कांग्रेस नेता भी जीत के अंतर को लेकर कोई बड़ा दावा करने से बच रहे थे लेकिन 16वें राउंड की गिनती के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि डॉ. ध्रुव बड़े अंतर से यह चुनाव जीतने जा रहे हैं। सुबह दक्षिण मरवाही के मतों की गिनती शुरू हुई, तब पहले ही राउन्ड में कांग्रेस ने 2300 मतों की बढ़त बना ली। इसके बाद प्रत्येक राउन्ड में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के मिले वोटों का फासला बढ़ता गया। इसके बाद प्रत्येक राउंड में कांग्रेस की बढ़त बनी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी को इस बार छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) का भी समर्थन चुनाव प्रचार के अंतिम दो दिनों में मिल गया था। इसके बाद कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा था। मरवाही से कांग्रेस की जीत की संभावना 6वें राउंड से ही बन गई थी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुकल परिसर स्थित मतदान केन्द्र के बाहर खुशी जाहिर करने लगे। इस समय नारे लगाये जा रहे हैं और पटाखे फोड़े जा रहे हैं। कल देर रात से प्रदेश कांग्रेस मोहन मरकाम, प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल, बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय सहित अनेक विधायक और पार्टी पदाधिकारी गौरेला पहुंच चुके थे।
प्रभारी मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि मरवाही की जनता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जिला बनाने की घोषणा, विकास कार्यों तथा जन कल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगाई है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से यह जीत हासिल हो रही है।




