ताजा खबर
हर मोर्चे पर सरकार फेल, मरवाही में भाजपा की जीत तय
प्रदीप मेश्राम
राजनांदगांव, 7 नवंबर। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अगले महीने दिसंबर में दो साल पूरे कर रहे भूपेश सरकार पर तल्खी के साथ आरोप लगाकर कह रहे हैं कि कांग्रेस सरकार अपनी काबिलियत को साबित करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। लिहाजा प्रदेश की जनता का इस सरकार से विश्वास डगमगा गया है। हर मोर्चे पर सरकार की नीतियां फेल हो गई है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के वादों को याद कर जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव के दो दिनी दौरे के आखिरी दिन ‘छत्तीसगढ़’ से एक खास मुलाकात में डॉ. सिंह ने ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की।
प्र.-1 - राजनांदगांव विधानसभा के दौरे में आपने क्या देखा? आपके क्षेत्र में विकास की स्थिति क्या है?
उ. 1- यह दुर्भाग्य है कि राजनंादगांव विधानसभा की विकास की स्थिति बेहद लचर है। फंड नहीं होने का हवाला देकर बड़ी परियोजनाओं के बजट सरकार ने वापस ले लिया है। ऐसी सूरत में विकास की कल्पना करना बेईमानी होगी। राज्य सरकार की नीतियां समझ से परे है।
प्र.-2- हाल ही में पीएचई के 7 हजार करोड़ के टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। राज्य सरकार ने इसे रद्द भी कर दिया है। इस पर आपका क्या कहना है।
उ. 2- केंद्र सरकार ने पेयजल से जुड़ी इस योजना के लिए हजारों करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस योजना के जरिये सरकार और अफसरशाही मिलीभगत कर बंदरबांट करने की कोशिश में है। जिसकी मैंने केंद्र सरकार से लिखित में शिकायत की है। यह योजना एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम होने के कारण योजना रद्द कर दी गई है।
प्र.-3-छत्तीसगढ़ सरकार अगले माह दो साल का कार्यकाल पूरा कर रही है। आपको यदि अंक देना होगा तो आप कितने नंबर देंगे?
उ.3- यह सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। नम्बर की बात तो छोडि़ए यह माइनस में चल रही है। भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का खेल चल रहा है। कई काम बंद पड़े हैं। किसान और जनता खुद को अपमानित और ठगा महसूस कर रही है। राज्य की विकास पूरी तरह से ठप्प पड़ी है। सरकार के पास कोई ठोस नीतियां और योजना नहीं होने के कारण प्रदेश लगातार पिछड़ रहा है। यह सरकार नंबर पाने के काबिल नहीं है।
प्र.-4 - मरवाही उप चुनाव में अमित जोगी ने भाजपा को समर्थन दिया। जबकि आपकी पार्टी स्व. अजीत जोगी की जाति को लेकर काफी मुखर रही है। ऐसे में समर्थन लेना क्या उचित था?
उ. 4- मरवाही में भाजपा की जीत तय है। समर्थन लेना पार्टी का अपना फैसला है। भाजपा की जीत को किसी भी तरह से रोका नहीं जा सकता।
क्लिक करें और यह भी पढ़ें : किसानों के बारे में रमन सिंह मुझसे ज्यादा नहीं जानते-भूपेश
प्र.-5 - बिहार चुनाव के नतीजों पर आपकी क्या राय है और इसका राष्ट्रीय राजनीति में क्या असर पड़ेगा?
उ. 5- हर कार्यकर्ता ने जी-तोड़ मेहनत की है। बिहार का चुनाव राष्ट्रीय राजनीति के परिप्रेक्ष्य में बेहद महत्वपूर्ण है। बिहार में एनडीए की जीत होने जा रही है। वहां विकास बनाम भ्रष्टाचार के बीच अभूतपूर्व जंग हुई है। निश्चित तौर पर जनता ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया है। राष्ट्रीय राजनीति में बिहार के फैसले का दूरगामी राजनीतिक असर पड़ेगा।
प्र.-6 - दो दिन से आप अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे में कितने कार्यों को मंजूरी दी है?
उ. 6- जनता के बीच पहुंचने का मौका मिला है। अधोसंरचना के साथ-साथ लोगों के व्यक्तिगत समस्याओं को भी दूर किया गया है। मेरी कोशिश है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में किसी भी तरह की समस्या न हो, इसलिए शुक्रवार को हर वर्ग के लोगों से प्रत्यक्ष रूप से भेेंट हुई।


