ताजा खबर
कुल 8 प्रत्याशी, पिछली बार 10 थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 20 अक्टूबर। नाम वापसी के बाद मरवाही उप-चुनाव में उम्मीदवारों की स्थिति साफ हो गई है। यहां से अब 8 प्रत्याशी ही मैदान में रह गये हैं। हालांकि इस बार कड़ा मुकाबला होने के कारण गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार के मत भी महत्वपूर्ण होंगे। सभी को प्रतीक चिन्ह आबंटित कर दिये गये हैं।
गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी से डॉ. गंभीर सिंह प्रतीक चिन्ह कमल, इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ. के.के. ध्रुव को प्रतीक चिन्ह हाथ, राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से डॉ. उर्मिला सिंह मार्को को ट्रेक्टर चलाता किसान, अम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से पुष्पा खेलन कोर्चे को कोट, भारतीय ट्रायबल पार्टी से बीरसिंह नागेश को ऑटो रिक्शा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से रितु पन्द्राम को आरी, भारतीय सर्वजन हिताय समाज पार्टी से लक्ष्मण पोर्ते (अमित) को एअरकंडीशनर और निर्दलीय सोनमती सलाम को बाल्टी प्रतीक चिन्ह आबंटित किया गया है।
ज्ञात हो कि सन् 2018 के चुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बनी थी, जब चुनाव मैदान में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अजीत जोगी, भाजपा की अर्चना पोर्ते व कांग्रेस के गुलाब सिंह राज सहित 10 उम्मीदवार थे। तब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की रितु पेन्द्राम को 9978 मत मिले थे। इस बार भी रितु पेन्द्राम मैदान में हैं। गोंगपा से अलग होकर बनाई गई राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से उर्मिला मार्को भी चुनाव लड़ रही हैं, जो पिछली बार मैदान में नहीं थीं। एकतरफा वोट बटोरने वाले जोगी परिवार से इस बार मैदान में कोई नहीं है। कांग्रेस भाजपा के बीच सीधे मुकाबले के चलते गोंडवाना पार्टी के मतदाताओं का रुख चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है।


