ताजा खबर

अगवा एएसआई की नक्सल हत्या कर फेंका शव
31-Aug-2020 7:36 PM
अगवा एएसआई की नक्सल हत्या कर फेंका शव

शहीद जवान को दी सलामी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 31 अगस्त।
रविवार को अगवा एएसआई की नक्सलियों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। एएसआई का शव केतुलनार पुल के पास पड़ा मिला।  पोस्टमार्टम के बाद शहीद जवान को कुटरू थाना में सलामी दी गई, जहां बड़ी संख्या में परिजन, पुलिस अधिकारी व ग्रामवासी मौजूद थे। 

कुटरू थाना में पदस्थ एएसआई नागैया कोरसा(58)का रविवार को नक्सलियों ने उस वक्त अपहरण कर लिया था, जब वे छुट्टी पर कुटरू से बीजापुर की ओर आ रहे थे। रास्ते में कुटरू से छह किमी पहले केतुलनार के पास नक्सलियों ने उनका अपहरण कर लिया था और उनकी बाइक को वहीं छोड़ दी थी। इसकी सूचना गांव वालों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने एएसआई की खोजबीन शुरू की।  

एएसआई नागैया की नक्सलियों ने धारदार हथियार से हत्या कर शव केतुलनार पुल के पास फेंक दिया। मृत एएसआई के जेब से एक पर्चा मिला है। जिसमें भैरमगढ़ एरिया कमेटी द्वारा घटना की जिम्मेदारी लेने की बात लिखी हुई है। बताया गया है कि एएसआई पिछले दो साल से कुटरू थाना में पदस्थ थे। वे उसूर ब्लाक के चेरामंगी गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी दंतेवाड़ा में शिक्षिका हंै। 

सूत्रों के मुताबिक एएसआई नागैया कोरसा दस दिनों की छुट्टी लेकर थाना से अपने घर जाने के लिए निकले थे। वे अपनी बेटी से मिलने जबलपुर जाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही नक्सलियों ने उनका अपहरण कर हत्या कर दी।

नम आंखों से दी अंतिम विदाई
नागैया कोरसा बहुत सरल व मिलनसार व्यक्ति थे। उन्होंने लंबे समय से अपनी सेवा दी। सलामी के दौरान जवान, परिजन व ग्रामवासी काफी गमगीन थे। सभी के आंसू छलक रहे थे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जियारत मिर्जा बेग सहित अन्य जवानों ने शहीद जवान को सलामी दी। इस दौरान बड़ी संख्या पुलिस के अधिकारी व सहित अन्य जवान उपस्थित थे। एएसआइके अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये तत्कालीन सहायता राशि प्रदान की गई।


अन्य पोस्ट