ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अगस्त। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को अपने जन्मदिन पर वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए अपने शुभचिंतकों और प्रशंसकों से रूबरू होकर उनसे शुभकामनाएं स्वीकार की और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया। कांग्रेस के कई मंत्रियों-नेताओं ने सीएम से मुलाकात उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान विभिन्न जिलों में वर्षा की स्थिति और खरीफ फसलों की स्थिति के बारे में जानकारी भी ली।
वीडियो कॉफ्रेंस के दौरान जनप्रतिनिधियों ने केक काटकर, गुलदस्ते के साथ मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। सुकमा जिले और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही सहित विभिन्ना जिले के जनप्रतिनिधियों ने केक काटा। मस्तूरी के पूर्व विधायक दिलीप लहरिया ने छत्तीसगढ़ी गीत ’जय हो छत्तीसगढ़ महतारी, तोर हवय चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी’ गीत गा कर मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएं दी। कोटा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे लोग मुख्यमंत्री श्री बघेल का जन्मदिन किसान दिवस के रूप में मना रहे हैं। मालखरौदा के जनप्रतिनिधियों ने बताया कि आज के दिन मालखरौदा में सात हजार पौधों का रोपण किया गया है। महासमुंद में जनप्रतिनिधियों ने 65 कोरोना वारियर्स को सम्मानित किया। रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर हवन कराया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जनप्रतिनिधियों से वहां बाढ़ की स्थिति की जानकारी भी ली और उनसे कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को स्कूल और पंचायत भवनों में सुरक्षित रखने और उनके भोजन की व्यवस्था की जाए। उन्हें आवश्यक होने पर उपचार की सुविधा भी दी जाए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों को चर्चा के दौरान तीजा, गणेश चतुर्थी, नुआखाई पर्व की बधाई दी।

उन्होंने कहा कि बस्तर में कोरोना से बहुत बेहतर ढंग से लड़ाई लड़ी गई है। अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है। इससे बचाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना की राशि किसानों और पशुपालकों को दी गई है। इससे कृषि कार्यो में मदद मिलेगी और त्यौहारों के समय खर्च की व्यवस्था भी हो सकेगी।
बिलासपुर जिले के जनप्रतिनिधियों ने अरपा बेसिन विकास प्राधिकरण के गठन और नगर निगम बिलासपुर की सीमा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। नवगठित गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा महोत्सव का आयोजन अब इस नवगठित जिले में किया जाएगा।
मरवाही में स्वर्गीय बिसाहूदास महंत के नाम से उद्यानिकी महाविद्यालय खोला जाएगा। जांजगीर-चांपा जिले के जनप्रतिनिधियों ने वहां यूरिया खाद की कमी की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को अधिक कीमत में खाद मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूरिया खाद की कालाबाजारी करने वालों की यदि जानकारी है तो जिला प्रशासन को दे। कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में यूरिया की कमी नहीं है। किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया खाद मिलेगी।
मुंगेली जिले के जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जिले के तीन विकासखण्डों पथरिया, लोरमी और मुंगेली के कुछ गांवों में अतिवृष्टि से फसल और घरों को नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर के माध्यम से ऐसे गांवों का जल्द सर्वे कराकर फसल और घरों को हुए नुकसान का मुआवजा संबंधित लोगों को किया जाएगा। पाटन के जनप्रतिनिधियों ने मोबाइल फोन पर मुख्यमंत्री जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखण्ड के जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर वहां सिंचाई डेम के लिए सर्वे कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री निवास में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिय़ा, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, लोकसभा सांसद दीपक बैज, राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक, संसदीय सचिव शकुन्तला साहू, श्रीमती अंबिका सिंह देव, डॉ. श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, नगर निगम रायपुर के महापौर ऐजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, रूचिर गर्ग और राजेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री बघेल से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी।


