ताजा खबर

प्रदेश में कोरोना करीब 17 हजार
19-Aug-2020 1:13 PM
प्रदेश में कोरोना करीब 17 हजार

मौतें-158, एक्टिव-5828, डिस्चार्ज-10847

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अगस्त।
प्रदेश में कोरोना मरीज 17 हजार के आसपास पहुंच गए हैं। बीती रात मिले 808 नए पॉजिटिव के साथ इनकी संख्या बढक़र 16 हजार 833 हो गई है। इसमें से 158 मरीजों की मौत हो गई है। 5 हजार 828 एक्टिव हैं और उनका एम्स समेत अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। 10 हजार 847 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। सैंपलों की जांच जारी है। 

प्रदेश में पिछले सभी दिनों की तुलना में कल सबसे ज्यादा मरीज सामने आए  और एक तरह से हालात बिगडऩे लगे हैं। खासकर राजधानी रायपुर एवं आसपास इनकी संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। बुलेटिन के मुताबिक बीती रात 8.15 बजे 701 नए पॉजिटिव सामने आए। इसमें रायपुर जिले रायपुर से सबसे अधिक 205 मरीज पाए गए।  दुर्ग जिले से  92,  रायगढ़  से  63,  बस्तर  व  राजनांदगांव  से  48-48,  बिलासपुर  से  44, बालोद से 34,  कोरबा  से 21,  नारायणपुर से 20,  जशपुर से 19, कांकेर से 18, सुकमा से 16,  जांजगीर-चांपा  से  15,  बीजापुर  से  12,  सरगुजा  से  11,  सूरजपुर  से  9,  कोरिया, दंतेवाड़ा  व  गरियाबंद  से 4-4,  कबीरधाम  से 3 एवं बेमेतरा,  बलौदाबाजार, महासमुंद, बलरामपुर, कोण्डागांव से 2-2 व मुंगेली से 1 मरीज शामिल रहे।

इसके बाद रात 10.45 बजे 107 और नए कोरोना  से  पीडि़त  पॉजिटिव की  पहचान  की गई। इसमें रायपुर जिले से 62, कांकेर से 13, रायगढ़ से 11, राजनांदगांव से 10, धमतरी व कोरिया से 5-5, गरियाबंद से 1 मरीज शामिल रहे। ये सभी मरीज आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराए जा रहे हैं। दूसरी तरफ 8 मरीजों की मौत हो गई। इसमें एक महासमुंद और 7 रायपुर के मरीज शामिल हैं। इनके संपर्क में आने वालों की जांच-पहचान जारी है। 

स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि प्रदेश में कोरोना जांच लगातार बढ़ाते हुए ज्यादा से ज्यादा सैंपल लेने का प्रयास किया जा रहा है। बीती रात 4 लाख 36 हजार के आसपास सैंपलों की जांच पूरी कर ली गई है। बाकी सैंपलों की तेजी के साथ जांच जारी है। जांच-सैंपल का दायरा बढ़ाने से अब मरीज भी बढऩे लगे हैं। बीती रात में सभी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सबसे अधिक पॉजिटिवि मिले हैं। उनका कहना है कि  कोरोना से बचाव के लिए नियमों का लगातार पालन जरूरी है। तब कहीं जाकर हम  कोरोना को हराने में सफल होंगे। बीती रात में 249 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं और उनका मानना है कि आगे भी कई मरीज ठीक हो सकते हैं। 


अन्य पोस्ट