ताजा खबर
कांग्रेस ने की ईडी से जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उसके परिवार की संपत्ति की ईडी से जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा है कि 15 साल में रमन सिंह और उनकी पत्नी की संपत्ति दोगुनी-तिगुनी कैसे हो गई। उन्होंने ऐसा कौन सा काम किया जिससे उनकी आय तेजी से बढ़ गई। कांग्रेस ने पनामा पेपर लीक मामले में भी पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कई आरोप भी लगाए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेष नितिन त्रिवेदी, डॉ. राजेन्द्र तिवारी, रमेश वल्र्यानी ने आज मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर आय से अधिक संपत्ति और पनामा पेपर लीक मामले को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि रमन सिंह और उनकी पत्नी वीणा सिंह की आय 2003 से लेकर 2018 के बीच तेजी के साथ बढ़ी है। उन्होंने इस मामले में पीएमओ दफ्तर को जांच बंद होने की गलत जानकारी भी दी थी।
कांग्रेस नेताओं ने पनामा पेपर लीक मामले में आरोप लगाते हुए कहा कि उसमें पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे के नाम था। आखिर उनके पास सत्ता में रहते हुए इतने पैसे कहां से आए। उनके तीन चुनाव शपथ पत्र में इसका जिक्र है। उन्होंने मांग की है कि रमन सिंह की संपत्तियों की जांच हो। साथ ही उनके एचयुएफ बैंक खातों और आय के साधनों की भी जांच की जाए। उनकी घोषित संपत्ति जिस तरह से बढ़ी है वह आय से अधिक संपत्ति का मामला है।
प्रधानमंत्री से जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है कि वे ‘ न खाऊंगा न खाने दूंगा के अपने वादे पर अमल करें और बहुत कुछ खाकर सत्ता खो चुके रमन सिंह के खिलाफ जांच का आदेश दें।’ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह से भी मांग की है कि वे अपनी और अपनी पत्नी की संपत्ति में बेहिसाब बढ़ोत्तरी का हिसाब राज्य की जनता को दें।


