ताजा खबर
मौतें-96, एक्टिव-3243, डिस्चार्ज-8809
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अगस्त। प्रदेश में कोरोना मरीज 12 हजार पार हो गए हैं। बीती रात सामने आए 285 नए पॉजिटिव के साथ इनकी संख्या बढक़र 12 हजार 148 हो गई है। इसमें से 96 मरीजों की मौत हो गई है। 3 हजार 243 एक्टिव हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 8 हजार 809 ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। सैंपलों की जांच जारी है।
प्रदेश में कोरोना का कहर जारी है। खासकर राजधानी रायपुर एवं आसपास के इलाकों में रोज नए-नए पॉजिटिव सामने आ रहे हैं। बुलेटिन के मुताबिक बीती रात 9 बजे 285 नए पॉजिटिव की पहचान की गई है। इसमें रायपुर जिले से 101, दुर्ग से 37, बिलासपुर से 30, कांकेर से 24, बलौदाबाजार से 18, बलरामपुर से 11, रायगढ़ व बस्तर से 9-9, सरगुजा से 7, राजनांदगांव व कोरबा से 6-6, कोण्डागांव से 5, जांजगीर-चांपा, मुंगेली व सुकमा से 3-3, बालोद, गरियाबंद, कोरिया, जशपुर व बीजापुर से 2-2 एवं बेमेतरा, दंतेवाड़ा व अन्य राज्य से 1-1 शामिल रहे। पिछली रात रायपुर में 8 और नए पॉजिटिव मिले थे।
दूसरी तरफ, 6 गंभीर मरीजों की मौत हो गई। इसमें चार महिलाएं शामिल हैं। ये सभी मृतक रायपुर, दुर्ग, कोरिया, रायगढ़, बिलासपुर व जांजगीर के रहने वाले हैं। सभी मरीजों के संपर्क वालों की पहचान की जा रही है। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि प्रदेश में करीब 10 हजार कोरोना जांच का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन अभी लक्ष्य के आसपास नहीं पहुंचे हैं। पांच-छह हजार सैंपलों की रोज जांच हो रही है। बीती रात तक 3 लाख 71 हजार के आसपास सैंपलों की जांच कर ली गई है। उनका कहना है कि नए मरीजों के साथ अस्पतालों में भर्ती मरीजों की छुट्टी भी हो रही है। बीती रात 277 मरीज डिस्चार्ज किए गए। आगे और भी मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकते हैं।


