ताजा खबर
आंदोलन के समर्थन में उतरी भाजपा-कांग्रेस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंटा, 10 जुलाई। पांच साल की आदिवासी बच्ची के साथ बलात्कार की कोशिश के आरोपी संदीप नायडू और उसके कथित संरक्षक पी.विजय के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज आदिवासी समाज ने कोंटा, दोरनापाल और सुकमा में प्रदर्शन किया। गुस्साये आदिवासियों ने पूर्व सलवा जुडूम नेता पी.विजय का पुतला फूंका। आदिवासियों के आंदोलन को भाजपा-कांग्रेस ने समर्थन दिया।
ज्ञात हो कि सात जुलाई की शाम पांच बजे घटी इस घटना की रिपोर्ट आदिवासी समाज के दबाव में 2 दिन बाद दर्ज की गई। कोंटा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी आरोपी संदीप नायडू को 9 जुलाई को कोंटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोंटा पुलिस ने बताया कि मामले को विवेचना कर धारा 376 कख भा.द.वि लैंगिक अपराध से बालकों के संरक्षण अधि. 2012की धारा 6 अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधि. 1989 की धारा 3 (2)(1) का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
शुक्रवार को आदिवासी समाज के द्वारा आरोपी संदीप को फांसी की सजा देने की मांग की गई, जिसके लिए सडक़ों पर उतरे आदिवासियों ने पूर्व सलवा जुडूम नेता पी.विजय का सुकमा, दोरनापाल, कोंटा में पुतला दहन किया। आदिवासी समाज ने आरोप लगाया कि आरोपी पी.विजय के भतीजा होने के कारण आरोपी को संरक्षण देकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे गुस्साये आदिवासी समाज ने पी. विजय का पुतला दहन कर आरोपी को फांसी का सजा देने की मांग की।
आदिवासी समाज के द्वारा नाबालिक बच्ची को न्याय की गुहार लगाते हुए राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोंटा को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने ज्ञापन में पूर्व सलवा जुडूम नेता पी.विजय पर आरोप लगाए हैं कि पी.विजय कथित समाजसेवक का चोला पहनकर वर्ष 2006 से आज तक तथा सलवा जुडूम के समय भोले भाले आदिवासियों का शोषण किया एवं पी.विजय को शासन द्वारा सुरक्षा गार्ड प्रदाय किया गया हैं, जिसके बलबूते सुरक्षा का दुरूपयोग करते हुए जुआ-सट्टा, मुर्गा बाजार, इत्यादि आसमाजिक कार्य करता है।
इस पूरे मामले को लेकर समाजसेवी दीपिका सोरी ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि कोंटा में 5 वर्ष की नाबालिग बच्ची के साथ जो घटना हुई है, वह घृणित मानसिकता को दर्शाता है। ऐसे व्यक्ति समाज के लिए अभिशाप है। मैं इसका पुरजोर विरोध करती हूं। ऐसे कृत्य करने वाले व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और उसने जो अपराध किया है उसके लिए उसे सजा अवश्य मिलेगी। उस बच्ची और उसके उसके पूरे परिवार के साथ हम सब कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। क्षेत्र में किसी भी वर्ग की बालिका या महिला के साथ ऐसा दुव्र्यवहार क्षमा योग्य नहीं है। समाज के ऐसे घृणित मानसिकता के व्यक्तियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सडक़ से लेकर न्यायालय तक हम नाबालिग के साथ हैं- जाकीर हुसैन
पांच वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म करने के प्रयास के बाद गुस्साये आदिवासियों का समर्थन कांग्रेस ने किया है। विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन के पश्चात नपा उपाध्यक्ष जाकीर हुसैन ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि इस बच्ची को न्याय दिलाने के लिए मैं सडक़ से लेकर न्यायालय तक जाऊंगा। अपराधी व अपराधी को संरक्षण देने वाले पूर्व सलवा जुडूम नेता पी.विजय को सजा दिला कर रहूंगा।




