ताजा खबर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार/कसडोल, 28 जून। बीती रात पुरानी रंजिश पर बलौदा बाजार के भाजपा नेता की चाकू से गोदकर कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के 7 घंटे के अंदर 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 जून को रात 8.30 बजे भाजपा नेता भगवती यादव अपने दोस्त के साथ अपने घर लोहिया नगर बलौदा बाजार के पास था कि इकबाल खान एवं शाहरुख खान अपने चार अन्य दोस्तों के साथ पुरानी रंजिश पर चाकू से वार कर भगवती की हत्या कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी प्रशांत ठाकुर के दिशा निर्देश पर अलग-अलग पुलिस पार्टियां बना कर आरोपियों की धरपकड़ हेतु तत्काल रवाना किया गया।
बलौदाबाजार शहर के मध्य में हत्या होने से लोगों में आरोपियों के प्रति अत्यंत आक्रोश व्याप्त हो गया था। प्रकरण में पुलिस द्वारा मात्र 7 घंटे के भीतर 6 आरोपियों इकबाल खान, शाहरुख खान,जावेद रजा, राहुल देवार, रजा, सूरज वैष्णव सभी निवासी बलौदा बाजार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ करने पर भगवती यादव पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि भगवती यादव द्वारा पूर्व में सार्वजनिक स्थान में आरोपियों के साथ मारपीट एवं लड़ाई झगड़ा किया गया था, जिससे वे स्वयं को अपमानित महसूस करते थे एवं पुरानी रंजिश से क्षुब्ध होकर भगवती यादव की हत्या करना बताया।
आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक विजय चौधरी थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, निरीक्षक महेश ध्रुव थाना प्रभारी भाटापारा शहर, निरीक्षक सी.आर चंद्रा थाना प्रभारी पलारी, उपनिरीक्षक रोशन सिंह थाना प्रभारी सुहेला, उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम कुर्रे चौकी प्रभारी लवन, उप निरीक्षक ओपी त्रिपाठी थाना प्रभारी गिधौरी एवं उपनिरीक्षक यशवंत सिंह थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण, उपनिरी भीम सोम सउनि नरेंद्र मार्कण्डेय, प्रधान आरक्षक भीम साहू आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा।