ताजा खबर
रायपुर, 29 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया है कि गुरुवार को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष के विरोध के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला समूहों और विभागीय कर्मचारियों की सूची तैयार की गई है, जिन्हें विशेष कार्यक्रम में शामिल करने की योजना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किसी राजनीतिक कार्यक्रम में उपयोग प्रशासनिक निष्पक्षता के खिलाफ है। साथ ही आशंका जताई कि कर्मचारियों पर राजनीतिक दबाव बनाकर उनका दुरुपयोग किया जा सकता है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि वह जमीनी स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच करेगी। यदि सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्ला ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी जैसी जनसेवा से जुड़ी संस्थाओं को राजनीतिक मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए और इससे जुड़े कर्मचारियों का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।


