ताजा खबर

बचेली में सीआईएसएफ जवानों पर नक्सल हमला, वॉकी टॉकी लूटे
27-Jun-2020 3:07 PM
बचेली में सीआईएसएफ जवानों पर नक्सल हमला, वॉकी टॉकी लूटे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली,  27 जून। शनिवार सुबह एनएमडीसी का खनन क्षेत्र आकाशनगर में सुरक्षा के लिए तैनात केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 2 जवानों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया, जिससे एक एएसआई घायल हो गया। जवान को रायपुर भेज दिया गया है। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने नक्सलियों द्वारा जवानों पर हमले की पुष्टि की है।  

जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार की सुबह करीब 6.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि करीब 12 की संख्या में नक्सलियों ने जवानों पर हमला किया और उनकी वॉकी-टॉकी भी लूट ले गये। यह पूरा मामला बचेली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार एएसआई एम.आई. चौहान के सर में गहरी चोटें आई है। उन्हें अपोलो अस्पताल बचेली लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया।

बचेली थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह जानकारी मिली है कि आकाशनगर क्षेत्र डिपॉजिट 5 मेंं कुछ अज्ञात तत्वों द्वारा वहां तैनात सीआईएसएफ के जवानों पर हमला किया गया है, साथ ही वॉकी-टॉकी भी छिना गया है। अभी तक एक ही सीआईएसएफ का जवान एएसआई चौहान घायल है।
 
अपोलो चिकित्सा प्रशासक डॉ. एसएम हक ने बताया कि जवान को सिर में करीब 6 इंच गहरी चोट लगी है। उन्हें रायपुर भेजा गया है। 


अन्य पोस्ट