ताजा खबर

3 मामलों में 47 लाख के गांजा समेत 8 बंदी
27-Jun-2020 12:45 PM
3 मामलों में 47 लाख के गांजा समेत 8 बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

महासमुंद, 27 जून। गांजा तस्करों के खिलाफ महासमुन्द पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में 47 लाख के 4 क्विंटल 70 किलो गांजा समेत 8 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
 
आज दोपहर मामले का खुलासा करते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि जिले में अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। एसपी श्री ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि देश में अनलॉक के बाद से छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती राज्य ओडिशा से लगातार गांजा परिवहन की शिकायत मिल रही है। जिसके तहत कार्रवाई के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में कल मुखबिर से सूचना मिली थी ओडिशा की ओर से गांजा परिवहन किया जा रहा है जिस पर थाना सिंघोड़ा की टीम ने नेशनल हाईवे में नाकाबंदी की। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही स्वराज माजदा को रियाज ढाबा के सामने गनियारी पाली के पास रोका गया। वाहन में सवार मप्र के सागर निवासी सुमोद अहिरवार व विष्णु प्रसाद पटेल से पूछताछ की गई। उन्होंने ओडिशा से प्याज लाने की बात कही। जिस पर पुलिस को शक हुआ और वाहन की तलाशी ली। जिसमें 14 बोरियों में गांजा भरा हुआ मिला। गांजा के संबंध में उन्होंने बताया कि वे इसे मध्यप्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों के पास से 420 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसी तरह सरायपाली क्षेत्र में बैतारी मोड़ के पास कार में सवार सेवक मालिक, रविंद्र दीप, विनोद मलिक व करेंद्र मलिक के पास से 40 किलो गांजा कीमती 40,0000 बरामद किया गया।
 
इसी तरह सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बाइक से गांजा परिवहन करते हुए मध्यप्रदेश के दो युवकों अंकित वर्मा और दीपक पटेल को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 10 किलो गांजा बरामद किया गया है। 

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि जिले में गत 1 सप्ताह के अंदर गांजा परिवहन का यह पांचवा प्रकरण है, जिसमें ओडिशा से महासमुन्द रास्ते परिवहन करते आरोपियों को पकड़ा गया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता से संभव हो पाई। 


अन्य पोस्ट