ताजा खबर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 18 जून। गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान की टीम ने इन दिनों गोद लिये गये गांवों में ग्रामीणों के बीच नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचाव एवं उपायों के प्रति जागरुकता अभियान चलाया है।
विश्वविद्यालय द्वारा कोटा विकासखंड की आदिवासी बाहुल्य चार ग्राम पंचायत पुडू, रिंगवार, तेंदुभाठा एवं उमरियादादर को गोद लिया गया है जहां पर जिला प्रशासन के सहयोग से एवं विश्वविद्यालय अपने स्तर से भी कई तरह के जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है ताकि लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके।
टीम ने रिगवार एवं उमरिया दादर ग्राम पंचायत में कोरोना के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक दूरी बनाये रखते हुए आदिवासी महिलाओं एवं अन्य लोगों को कोरोना वायरस से बचने हेतु प्रेरित किया गया। ज्ञात हो कि ग्रामीण इलाकों में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ रहा है क्योंकि देश के विभिन्न स्थानों से प्रवासी मजदूरों को गांव के ही स्कूलों में क्वारेंटीन केन्द्र में रखा जा रहा है।
उन्नत भारत अभियान कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. के.के. चंद्रा, सह-प्राध्यापक, वानिकी, वन्य जीव एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग ने ग्रामीणों एवं अन्य लोगों को कोरोना वायरस के बारे मे विस्तार से जानकारी प्रदान करते हुए गरम पानी के साथ नीबू का प्रयोग करने की सलाह दी जिससे कोरोना वायरस से बचाव हो सके। ग्रामीणों को आयुर्वेदिक काढ़ा बनाने हेतु गिलोय, काली मिर्च, अदरक, हल्दी, तुलसी आदि घरेलू उपयोग की चीजों से ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं काढ़ा सेवन की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को गिलोय के पौधे को दिखाकर उसे पहचानने एवं अपने घरो के आसपास लगाने हेतु प्रेरित किया गया।
वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ। एस.के. शाही ने साबुन से हाथ धोने के तरीके एवं सेनेटाइजर के प्रयोग के बारे में लोगो को जानकारी दी। उन्होंने योग से रोग एवं कोरोना महामारी को दूर करने हेतु कई योग आसानों का प्रदर्शन कर दिखाया ताकि ग्रामीण भी सहज रूप से योग को अपने दिनचर्या में अपना सकें। कोरोना वायरस के बचाव हेतु सामाजिक दूरी बनाये रखने एवं बाहर जाने पर मास्क के प्रयोग को अति आवश्यक बताते हुए सभी उपस्थति लोगों को मास्क एवं सेनेटाइजर का वितरण किया गया।
विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान टीम के सदस्य डॉ. डी.के. पटेल, सह-प्राध्यापक, वनस्पति विज्ञान विभाग ने ग्रामीणों को घर की बाड़ी में कई औषधीय पौधे लगाने हेतु प्रेरित किया। उन्नत भारत अभियान की टीम, पंचायत सचिव आनंद जायसवाल एवं सरपंच रिंगवार सहित गांव के ही क्वारेंटीन सेंटर का भ्रमण कर उन्हें मास्क एवं सेनेटाइजर निशुल्क दिया गया। इसी प्रकार उमरियादादर पंचायत के पचरा ग्राम में बैंक के पास एकत्रित लोगों को भी कोरोना महामारी से सम्बंधित जानकारी देकर उन्हें इस रोग से बचने हेतु कई उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यकम में रिंगवार की सरपंच मेलन बाई भानु, जेठिया बाई, शिवलाल, जीवनाथ भानु, धनसिंह, केवलदास मानिकपुरी, एवं रिंगवार माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक शिक्षक प्रताप सिंह क्षत्रिय के अलावा अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।