ताजा खबर
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री साय, प्रदेश अध्यक्ष देव सहित शीर्ष नेतृत्व हुआ शामिल
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर । जेन जी के देश भर में उभरे माहौल के बीच भाजयुमो की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति रविवार को बैठक ठाकरे परिसर में शुरू हुई। इसमें युवाओं को भाजपा, भाजयुमो की ओर आकर्षित करने की सेवा दूत बन कर प्रदेश में प्रवास करेंगे। कल राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी संबोधित करेंगे।
युवा मोर्चा भाजपा की ऊर्जा भविष्य है - साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की ऊर्जा और भविष्य है। मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है। कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ काम करें और प्रदेश के हर युवा को भाजपा की विचारधारा से जोड़ें।
युवा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, - किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि युवा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं।कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है, नए युवाओं को जोड़ना है और सोशल मीडिया से लेकर मैदान तक सक्रिय रहना है।
अनुशासन, और निरंतर संपर्क ही मूल मंत्र- सिंह
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 25 दिन की कार्ययोजना के तहत सेवा दूत बनकर प्रवास करें, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं और हर बूथ पर युवाओं की टीम खड़ी करें। युवा मोर्चा को हर मंडल, हर बूथ पर सक्रिय, सशक्त और परिणाम देने वाला संगठन बनाना है।
युवाओं के बीच जाकर उन्हें राष्ट्र प्रथम के भाव से जोड़ें - अर्पिता बड़जेना
युवा मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री अर्पिता बड़जेना ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षा है कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता न बनकर सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनें। खेल, शिक्षा, पर्यावरण, नशामुक्ति और डिजिटल साक्षरता जैसे अभियानों में युवा मोर्चा को अग्रणी भूमिका निभानी है।
कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं - टिकरिहा
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा ने कहा कि सभी जिलों में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। बूथ सशक्तिकरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा मोर्चा हर युवा तक पहुंचेगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय,सभी पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राजेश मूणत, संजय श्रीवास्तव, अनुराग सिंहदेव,अमित साहू,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग,राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी हिमांशु यादव, राष्ट्रीय सह कार्यालय प्रभारी मोहित सोनी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य गजेंद्र सिंह तोमर, अनमोल झा, मोर्चा प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद।