ताजा खबर
वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग में हड़कंप
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 22 नवंबर। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे रेत, सीमेंट ढुलवाने और दीवारों पर प्लास्टर कराने का मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के कोटमीसोनार गांव स्थित बाजारपारा के एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
वीडियो में स्कूली बच्चे परिसर की सफाई करने के साथ रेत और सीमेंट उठाते तथा दीवारों पर प्लास्टर करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि प्रधान पाठक रत्ना सोनी बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय मजदूरी और निर्माण कार्य करा रही थीं।
बताया जा रहा है कि यह घटना 20 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे की है। एक महिला ने स्कूल भवन के रोशनदान से बच्चों की गतिविधियों का वीडियो बनाया। इसके बाद उसने बच्चों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
वीडियो में बच्चे स्कूल परिसर की सफाई करते, रेत और सीमेंट उठाते तथा दीवारों पर प्लास्टर लगाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच शुरू करने की बात कही है। जांजगीर-चांपा के जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि प्रधान पाठक की भूमिका और आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।