ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 23 फरवरी । नवा रायपुर और रायपुर में सोमवार सुबह तीन दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक पैदल बताया गया है।
मिली जानकारी अनुसार नवा रायपुर से मंदिर हसौद थाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दो पेड़ों के बीच जा फंसी। इसमें कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इससे पहले पुराने शहर के रिंग रोड 1 पर सुबह 10-11 बजे के बीच 500 मीटर के फासले में दो दुर्घटनाएं हुईं। पहली घटना एमएम सिल्वर प्लाजा कांशीराम नगर के पास एक्सप्रेस वे ब्रिज के पास हुई। टाटीबंध से तेलीबांधा की ओर आ रही तेलंगाना पासिंग आईशर ट्रक टीजी 07 टी 3280 अनियंत्रित होकर राह चलते एक व्यक्ति को अपनी चपेट में लिया। और रोड डिवाइडर पर चढ़ गया। चपेट में आया व्यक्ति भी घसीटता हुआ ट्रक के नीचे फंसा रहा। उसकी मौत हो गई।
इससे कुछ ही दूरी पर राजेन्द्र नगर अंडर ब्रिज के पास भी तेज रफ्तार आईशर ट्रक ने एक्टिवा सवार को चपेट में लिया। राजस्थान पासिंग ट्रक आरजे 14 जीके 1567 ने एक्टिवा सीजी 04 एलएम 4065 में सवार व्यक्ति को ठोंका। वह बच्चों को स्कूल छोड़ कर लौट रहा था। रफ्तार इतनी तेज थी कि एक्टिवा ट्रक में फंस गई। एक्टिवा सवार भी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेलीबांधा पुलिस ने दोनों ट्रक जब्त कर ड्राइवरों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले भी इसी सड़क पर तमिलनाडु पासिंग ट्रक ने एक्टिवा सवार को ठोकर मारकर घायल किया था। रिंग रोड होने की वजह से हाइवे पर स्पीड ब्रेकर न होने से भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। कभी रिंग रोड कहे जाने वाली यह सड़क अब शहर के बीच का हिस्सा हो गई है। यहां से रोजाना हजारों लोग की आवाजाही होने से दुर्घटनाओं का खतरा ऐसे ही मंडराते रहता है।


