ताजा खबर

नक्सल कमांडर देवजी का समर्पण
22-Feb-2026 4:42 PM
नक्सल कमांडर देवजी का समर्पण

तेलंगाना पुलिस के सामने 16 साथियों के साथ हथियार डालने की खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर/सुकमा, 22 फरवरी।
नक्सली संगठन के महासचिव और पोलित ब्यूरो के सदस्य टिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उनके साथ 16 नक्सलियों के आत्मसमर्पण की सूचना है। 

गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज मीडिया से चर्चा में कहा देवजी के तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा हो रहा है। बताया गया कि कुछ महीने पहले ही देवजी को संगठन का महासचिव बनाया गया था। 

इससे पहले पूर्व महासचिव नम्बाला केशव राव उर्फ बसवराजू पिछले साल मई को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारा गया था। देवजी के आत्मसमर्पण पर छत्तीसगढ़ पुलिस की नजर थी। देवजी तेलंगाना के जगतियाल जिले का निवासी है और उसका आत्मसमर्पण प्रतिबंधित माओवादी संगठन के लिए एक झटका माना जा सकता है।

खबरों के अनुसार, देवजी पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। उसने पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) का गठन किया था और भाकपा (माओवादी) के प्रमुख केंद्रीय समिति सदस्य और माओवादी पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य बना था।

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी शिवधर रेड्डी ने 15 फरवरी को राज्य के लगभग 15 बचे हुए चरमपंथियों सहित सभी भूमिगत भाकपा (माओवादी) पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से हथियार डालने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि जो लोग मुख्यधारा में शामिल होने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें राज्य सरकार की ‘‘आत्मसमर्पण और पुनर्वास योजना’’ के तहत तत्काल सहायता और लाभ प्रदान किए जाएंगे। रेड्डी ने पहले कहा था कि पिछले दो वर्षों में तेलंगाना पुलिस के निरंतर प्रयासों से विभिन्न स्तरों के 588 माओवादी सामान्य जीवन में लौट आए हैं।

 

नक्सल-विरोधी अभियान की बड़ी सफलता-साय
सीएम विष्णुदेव साय ने देवजी के आत्मसमर्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सीसीएम संग्राम का तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण, नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नक्सल मुक्त भारत का संकल्प अवश्य पूरा होगा। 


अन्य पोस्ट