ताजा खबर

समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों से डिप्टी सीएम ने किया सीधे संवाद
21-Feb-2026 11:34 AM
समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों से डिप्टी सीएम ने किया सीधे संवाद

अफसरों को समयबद्ध तरीके से निराकरण का निर्देश दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 21 फरवरी। शुक्रवार को नेहरू चौक स्थित अपने सरकारी कार्यालय में उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जनदर्शन लगाया। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों के लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। किसी को सड़क चाहिए, किसी को बिजली, तो किसी ने सामुदायिक भवन की मांग रखी।  साव ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए कहा कि जनदर्शन का मकसद लोगों को त्वरित राहत देना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

डिप्टी सीएम ने हर आवेदन को ध्यान से सुना और संबंधित विभागों के अफसरों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनता की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

प्रगतिशील युवा स्वर्णकार समाज, बिलासपुर के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक भवन में कथित अवैध निर्माण को रोकने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर साव ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

ग्राम पंचायत डेका के सरपंच ने लाल खंड से दर्रीघाट तक डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी, ताकि रात में सड़क हादसे न हों।

मुंगेली के सेमरसाल से आए देशहा कुर्मी क्षेत्रीय महासभा के अध्यक्ष कलेश्वर कश्यप ने कुर्मी समाज के लिए सामुदायिक भवन की स्वीकृति की मांग की।

राम जानकी कल्याण सेवा समिति ने सेमरसल हाई स्कूल और मेले स्थल पर अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग रखी। क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं।

प्रेस कर्मचारी संघ के महासचिव तेरस यादव ने अपने बेटे की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन दिया।

पद्म सम्मान से अलंकृत रामलाल बरेठ ने अपने 90वें जन्मदिन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी सौंपा।

नगर निगम के वार्ड क्रमांक 54 की पार्षद रानी देवांगन ने चिंगराजपारा स्थित पुराना तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग की।


अन्य पोस्ट