ताजा खबर
आईपीएल 2026 में धमाकेदार बल्लेबाज़ी करने के बाद राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की भारतीय टीम में चयन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं.
कई दिग्गज मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि अब वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के लिए तैयार हैं.
इस बीच राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा ने भी वैभव के भारतीय टीम में चयन को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से ख़ास बातचीत में कुमार संगकारा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में विश्व स्तरीय गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह इस बात का संकेत है कि वह भारत के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस साल आईपीएल में आरआर की ओर से सभी मैच खेले हैं. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए.
वह ऑरेंज कैप की रेस में पहले नंबर पर हैं. अगर रविवार को होने वाले फ़ाइनल में शुभमन गिल या साई सुदर्शन उनसे आगे नहीं निकलते हैं, तो वह टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन जाएंगे.
शुभमन गिल ने अब तक 722 रन बनाए हैं, जबकि साई सुदर्शन के नाम 710 रन हैं.
क़रीब दो महीने तक चले इस टूर्नामेंट के दौरान सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ आक्रामक बल्लेबाज़ी की.


