ताजा खबर
सिगड़ी जलाई थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 18 फरवरी। सूरजपुर जिले के चंदरपुर गांव के तलाबपारा में पत्थर-कोयले से निकली जहरीली गैस के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में युवक, उसकी पत्नी और चार वर्षीय बेटी की दम घुटने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चंदरपुर तलाबपारा निवासी शंकर सिंह ने थाना सूरजपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी की रात करीब 10 बजे उनके पुत्र कवल सिंह (29 वर्ष), बहू कुन्ती सिंह (28 वर्ष) एवं पोती ममता सिंह (4 वर्ष) भोजन करने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान में लोहे की सिगड़ी में पत्थर-कोयला जलाकर घर के अंदर रखकर दरवाजा बंद कर सो गए थे।
शंकर सिंह अपने दो छोटे बच्चों के साथ पास के ही दूसरे घर में सो रहे थे। सुबह करीब 6.30 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि कवल सिंह के घर का दरवाजा अंदर से बंद है और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद लोहे के सब्बल से दीवार में छेद कर अंदर झांका तो तीनों लोग बिस्तर पर पड़े हुए थे और कोई हलचल नहीं थी। दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश करने पर तीनों मृत पाए गए।

प्राथमिक जांच में तीनों की मौत लोहे की सिगड़ी में जलाए गए पत्थर कोयले से निकली गैस से दम घुटने के कारण होना बताया गया है।
पुलिस ने किसी प्रकार की शंका या संदेह से इंकार करते हुए मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई में लिया है। घटना की सूचना एसडीएम सूरजपुर को भी भेज दी गई है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


