ताजा खबर

बॉश की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को हराया
18-Feb-2026 4:46 PM
बॉश की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को हराया

नयी दिल्ली , 18 फरवरी कोर्बिन बॉश की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप लीग मैच में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात को छह विकेट से हराकर सुपर आठ की तैयारी पुख्ता कर ली ।

पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को सुपर आठ चरण के पहले मैच में 22 फरवरी को अहमदाबाद में मौजूदा चैम्पियन और मेजबान भारतीय टीम से खेलना है । वहीं यूएई की टीम ने इस हार के साथ टूर्नामेंट से विदा ली ।

हल्की बूंदाबांदी और ठंडे मौसम के बीच भारतीय टीम का मैच नहीं होने के बावजूद अरूण जेटली स्टेडियम पर 12000 से अधिक दर्शक यह मैच देखने मौजूद थे ।

पहले गेंदबाजी करते हुए बॉश के तीन विकेट की मदद से यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया । उसके लिये सबसे बड़ी राहत की बात ‘जूनियर एबी डिविलियर्स’ कहे जाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस का फॉर्म में लौटना रहा जिन्होंने 36 रन बनाए।

यूएई ने गेंदबाजी की शुरूआत अच्छी की और पहले ओवर में ध्रुव पाराशर ने सिर्फ एक रन दिया । कप्तान एडेन माक्ररम ने हालांकि दूसरे ओवर में जुनैद सिद्दीकी को दो चौके जड़कर दबाव हटाया । तीसरे ओवर में उन्होंने हैदर अली शाह को नसीहत देते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया लेकिन आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए । माक्ररम ने 11 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 28 रन बनाये ।

नये बल्लेबाज रियान रिकेलटन ने छठे ओवर में मोहम्मद जवादुल्लाह को दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीका का पचासा पूरा किया लेकिन इसी ओवर में क्विंटोन डिकॉक ने हैदर शाह को कैच थमा दिया । पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 56 रन था ।

इस साल एसए 20 में 370 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे ब्रेविस ने टूर्नामेंट में पहली बार खुलकर खेलते हुए पहले आठवें ओवर में जवादुल्लाह को मिडविकेट के ऊपर और फिर अगले ओवर में हैदर को लांग आन पर छक्का लगाया । दूसरे छोर से रिकेलटन ने मोहम्मद फारूक को 11वें ओवर में छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद में पाराशर को कैच देकर लौटे । रिकेलटन ने 16 गेंद में 30 रन बनाये ।

ब्रेविस ने 25 गेंद में एक चौके और तीन छक्कों के साथ 36 रन बनाये ।

इससे पहले यूएई की पूरी पारी में कुल दस चौके और दो छक्के लगे । अलीशान शराफू (38 गेंद में 45 रन ) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका ।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका के लिये बॉश ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जॉर्ज लिंडे ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया । एनरिच नॉर्किया ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिये ।

पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुकी दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर गेंदबाजों के सामने खुद को परखने उतरे यूएई के बल्लेबाजों ने शुरूआत आत्मविश्वास के साथ की । पारी की तीसरी ही गेंद पर आर्यांश शर्मा ने कैगिसो रबाडा को थर्डमैन पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे ।

रबाडा के दूसरे ओवर में मोहम्मद वसीम ने लगातार तीन चौके समेत चौदह रन लेकर उनकी लय बिगाड़ दी । रबाडा ने पहले दो ओवर के स्पैल में बीस रन दे दिये जिसे देखते हुए कप्तान एडेन माक्ररम ने जॉर्ज लिंडे को गेंद सौपी ।

उनका यह फैसला कारगर भी रहा जब अपने पहले ही ओवर में लिंडे ने वसीम को पगबाधा आउट करके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई । वसीम ने 12 गेंद में 22 रन बनाये और यूएई का पहला विकेट 38 के स्कोर पर गिरा ।

अगले ही ओवर में कोर्बिन बॉश ने शर्मा को क्वेना मफाका के हाथों मिडविकेट पर लपकवाकर यूएई को दूसरा झटका दिया । यूएई के पचास रन आठवें ओवर में बने और इसी ओवर में अलीशान शराफू ने एनरिच नॉर्किया को चौका और छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की ।

यूएई के बल्लेबाज हालांकि बड़ी साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे । शोहेब खान को बॉश ने विकेट के पीछे क्विंटॉन डिकॉक के हाथों लपकवाकर दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता दिलाई । दसवें ओवर में तीसरा विकेट 64 रन पर गिर गया ।

रबाडा 12वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये लौटे और इस बार बेहतर लाइन और लैंग्थ के साथ तीन ही रन दिये ।

नॉर्किया को कामयाबी हैदर शाह के विकेट के रूप में मिली जो 14वें ओवर में उनकी शॉर्ट गेंद पर खराब पूल शॉट खेले और मफाका ने दौड़ते हुए कैच लपक लिया । यूएई का चौथा विकेट 82 के स्कोर पर गिर गया ।

शराफू ने एक छोर से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और मफाका को 15वें ओवर में मिडविकेट पर चौका लगाया । अगली गेंद यॉर्कर फेंकने के प्रयास में मफाका ने फुलटॉस डाल दी और विकेट के पीछे चार रन वाइड में चले गए ।

नॉर्किया ने शराफू की पारी का अंत 18वें ओवर में किया जो मफाका को कैच देकर लौटे । मफाका ने पारी में यह तीसरा कैच लपका हालांकि डीप से रबाडा भी दौड़ते हुए आ रहे थे लेकिन दोनों खिलाड़ी टकराने से बचे और यह कैच मफाका के हाथ में आया ।

दक्षिण अफ्रीका:

एडेन मारक्रम बो हैदर अली 28

क्विंटन डिकॉक का सैयद हैदर बो जवादुल्लाह 14

रेयान रिकेल्टन का पराशर बो फारूक 30

डेवाल्ड ब्रेविस का स्थानापन्न बो अरफान 36

ट्रिस्टन स्टब्स नाबाद 06

जेसन स्मिथ नाबाद 03

अतिरिक्त: 06

कुल: 13.2 ओवर में चार विकेट पर: 123 रन

विकेट पतन: 1-32, 2-56, 3-105, 4-116

गेंदबाजी:

पराशर 2-0-8-0

सिद्दिकी 2.2-0-23-0

हैदर अली 3-0-33-1

जवादुल्लाह 2-0-20-1

अरफान 2-0-16-1

फारूक 2-0-19-1

 (भाषा ) 


अन्य पोस्ट