ताजा खबर

पेंट फैक्ट्री धू-धू कर जली, चार दमकल भी नहीं रोक पाईं लपटें
16-Feb-2026 5:08 PM
 पेंट फैक्ट्री धू-धू कर जली, चार दमकल भी नहीं रोक पाईं लपटें

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। शहर के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अनव इंडस्ट्री नाम की पेंट और पुट्टी बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 12:30 बजे गोदाम के पास अचानक लपटें उठती दिखीं। फैक्ट्री में उस समय कर्मचारी रोज की तरह काम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गोदाम में रखे ज्वलनशील केमिकल, पेंट और पुट्टी ने आग को और भड़का दिया। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करती रही। आसपास के लोग भी बाल्टियों और पानी की पाइप से मदद करते नजर आए।

हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। धुएं के कारण आसपास का इलाका ढक गया था।

घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों और उद्योगों को खाली कराया गया।

अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। सिर्फ फैक्ट्री में रखा माल जलकर खाक हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। न तो फायर अलार्म सिस्टम था और न ही कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था।

गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में सिरगिट्टी क्षेत्र में आग की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी।

फिलहाल आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी वजह की पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि केमिकल की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन करोड़ों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट