ताजा खबर

दो साल में अधिकांश वादे पूरे किए-साय
16-Feb-2026 4:46 PM
दो साल में अधिकांश वादे पूरे किए-साय

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 फरवरी। सीएम विष्णुदेव साय ने सोमवार को कहा कि मात्र दो साल में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चों के प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शासन की योजनाओं और ‘मोदी की गारंटी’ की सफलताओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय हों। हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने सोमवार को  कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संयुक्त बैठक की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके देशभर में 14 करोड़ कार्यकर्ता और प्रदेश में 60 लाख सदस्य व 80 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं। युवा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुँचना हमारी प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमने मात्र दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर दिया है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी। आज हर पंचायत में औसतन 300 मकान बन रहे हैं और 10 लाख से ज्यादा परिवारों का गृह प्रवेश हो चुका है। छत्तीसगढ़ में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। होली के पहले 25.24 लाख किसानों के खातों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि जमा की जाएगी। इसी प्रकार महिला सशक्तीकरण के दृष्टिगत ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक माताओं को प्रति माह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए पारिश्रमिक, भूमिहीन कृषकों को 10 हजार रुपए सालाना दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन की शुरुआत की गई है।

 

राष्ट्र प्रथम की भावना से विकसित भारत - जम्वाल

भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए संगठन की शक्ति और आगामी लक्ष्यों का रोडमैप सामने रखा और कहा कि पार्टी आज न केवल देश की, बल्कि विश्व की नंबर वन पार्टी बन चुकी है, लेकिन हमारा वास्तविक लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, समृद्धशाली, आत्मनिर्भर और ‘विश्वगुरु’ बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज तेजी से प्रगति कर रहा है। हमारा संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाना है। इस यात्रा में हर कार्यकर्ता का योगदान अनिवार्य है। आज केंद्र की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँच रहा है। समयबद्ध तरीके से संगठन के कार्यों को पूरा करना ही एक निष्ठावान कार्यकर्ता की पहचान है। अनुशासन ही वह शक्ति है जो हमें हमारे लक्ष्यों तक पहुँचाएगी।


अन्य पोस्ट