ताजा खबर
सभी आरोपी हरियाणा के..
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। अखिल भारतीय स्तर की गेट की परीक्षा में रविवार को एक नकलची गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। खास बात ये है कि असली परीक्षार्थियों की जगह दूसरे प्रदेश से आए आधा दर्जन लोग परीक्षा दे रहे थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा आयोजित गेट की परीक्षा का आज आखिरी पेपर था। सरोना स्थित एक कालेज के परीक्षा केंद्र में आनलाइन पेपर के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कुछ परीक्षार्थी नकल कर रहे थे।
परीक्षा केंद्र में परीक्षकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। डीडी नगर थाने का अमला वहां पहुंचा, और 6 परीक्षार्थियों को नकल करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एक -दो परीक्षार्थी भागने में सफल रहे। पकड़े गए परीक्षार्थी हरियाणा के रहने वाले हैं। डीडी नगर टीआई ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में कहा अभी 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सभी से पूछताछ चल रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का उद्देश्य गेट परीक्षा में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की जगह बैठकर परीक्षा देना था। सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल के निर्देशन में एसीसीयू और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर रेड मारी।
छापेमारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में उन्होंने परीक्षा में फर्जी तरीके से शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को रायपुर किसने बुलाया था और इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है। साथ ही आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ये युवक पहले भी अन्य राज्यों में इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहे हो सकते हैं।


