ताजा खबर

बिहार: सांसद पप्पू यादव ने बेउर जेल से बाहर निकलने के बाद लगाया साज़िश का आरोप
14-Feb-2026 8:38 AM
बिहार: सांसद पप्पू यादव ने बेउर जेल से बाहर निकलने के बाद लगाया साज़िश का आरोप

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पटना के एमपी-एमएलए कोर्ट से ज़मानत मिल गई है.

पटना के बेउर जेल से निकलने के बाद पप्पू यादव ने कहा, "मुझे नहीं पता कि प्रशासन ने ऐसा क्यों किया. सरकार में एक दो लोग हैं, जिन्होंने ऐसा किया है. एक दिल्ली के नेता, एक बिहार के नेता और एक पूर्णिया के नेता की ये साज़िश थी."

पप्पू यादव ने आरोप लगाया, "खेमका हत्याकांड में जो एनकाउंटर हुआ वो ग़लत बच्चे का हुआ. हमें वो गवाही मिल गई है. बच्चों को 4 बजे निकालकर गोली मारी गई. मैं हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगा और केस लड़ूंगा."

उन्होंने आगे कहा, "एनईईटी की बच्ची की लड़ाई मैं रुकने नहीं दूंगा. जिन लोगों ने भी हमारा समर्थन किया, मैं उनका कर्ज़दार हूं."

पिछले साल 4 जुलाई को पटना के बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई थी. ख़बरों के मुताबिक़ कुछ दिनों बाद ही गोपाल खेमका की हत्या के लिए हथियार सप्लाई करने वाले शख़्स की एक पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी.

वहीं पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा की मौत बीते महीने 11 जनवरी को हो गई थी.

छात्रा के परिजनों का आरोप है कि उनकी बच्ची के साथ बलात्कार हुआ है.

पटना पुलिस ने पहले बलात्कार की बात से इनकार करते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया था. लेकिन बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई कि 'यौन हिंसा से इनकार नहीं किया जा सकता'.

पप्पू यादव लगातार इस मामले को उठा रहे थे. साल 1995 के एक मामले में पटना पुलिस ने उन्हें बीते शुक्रवार की रात को गिरफ़्तार किया था.

पप्पू यादव की गिरफ़्तारी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सवाल खड़े किए थे.

हालांकि इस मामले में उन्हें पटना की अदालत ने दस फ़रवरी को ज़मानत दे दी थी, लेकिन उन पर कुछ अन्य आरोप भी लगाए गए थे, जिसकी वजह से उनकी रिहाई नहीं हो पाई थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट