ताजा खबर
वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 13 फरवरी । वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को यहां कहा कि असम-बंगाल में भाजपा को बंपर जीत हासिल होगी। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के असम चुनाव प्रचार में जाने के सवाल पर तंज कसा, और कहा कि भूपेश बघेल को प्रचार में जरूर जाना चाहिए। भूपेश यानी कांग्रेस के सफाए की गारंटी है।
श्री चौधरी आज एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। असम में चुनाव प्रचार जाने के सवाल पर कहा कि पार्टी ने डिप्टी सीएम अरूण साव, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, और उन्हें चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी है।
श्री चौधरी ने कहा कि वो कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने आगे कहा कि पार्टी को निश्चित रूप से असम, बंगाल, तमिलनाडु और केरल में बंपर जीत हासिल होगी।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भी असम चुनाव प्रचार के लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां भी भूपेश बघेल के पांव पड़े हैं, वहां कांग्रेस का सफाया हुआ है।
चौधरी ने कहा कि भूपेश पहले उत्तर प्रदेश,असम और बिहार प्रचार के लिए गए थे वहां कांग्रेस का सफाया हो गया। उन्हें वहां प्रचार के जरूर जाना चाहिए, भूपेश बघेल कांग्रेस के सफाए की गारंटी है।


