ताजा खबर

यूरोपीय संसद में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की आवाज, पेशीराम को ब्रसेल्स सम्मेलन में आमंत्रण, सीएम ने दी बधाई
13-Feb-2026 1:17 PM
यूरोपीय संसद में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की आवाज, पेशीराम को ब्रसेल्स सम्मेलन में आमंत्रण, सीएम ने दी बधाई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 13 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी की आरटीआई सेल (छत्तीसगढ़) के प्रदेश समन्वयक पेशीराम जायसवाल (दड़सेना) को बेल्जियम के ब्रसेल्स स्थित यूरोपीय संसद में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।

यह औपचारिक निमंत्रण पोलैंड से यूरोपीय संसद सदस्य एवं विदेश मामलों की समिति के सदस्य ग्रेज़ेगोरज़ ब्राउन द्वारा भेजा गया है।

18 फरवरी 2026 को यूरोपीय संसद में ईयू-एशिया सभ्यतागत संवाद के अंतर्गत आर्थिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाएं विषय पर सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें विभिन्न यूरोपीय देशों के सांसद, पोलिश संसद (सेजम) के सदस्य और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे।

सम्मेलन में पेशीराम जायसवाल भारत, विशेषकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार रखेंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी और पोलिश क्राउन कन्फेडरेशन पार्टी के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर औपचारिक चर्चा प्रस्तावित है।

इस अवसर पर ब्रिटिश रविदास हेरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें भारत से कई प्रमुख अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से समता, श्रम की गरिमा और सामाजिक सद्भाव का संदेश वैश्विक मंच पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए शुभकामनाएं दीं। वहीं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यह अवसर जायसवाल की संगठनात्मक प्रतिबद्धता और सामाजिक सक्रियता का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि पेशीराम जायसवाल पूर्व में रूस में आयोजित विश्व युवा महोत्सव में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।


अन्य पोस्ट