ताजा खबर

देखें VIDEO' S : मक्का प्रोसेसिंग प्लांट में तोडफ़ोड़, हालात काबू में
13-Feb-2026 1:31 PM
देखें VIDEO' S : मक्का प्रोसेसिंग प्लांट में तोडफ़ोड़, हालात काबू में

 ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, पुलिस बल तैनात
 'छत्तीसगढ़' संवाददाता
 कोंडागांव, 13 फरवरी।
कोण्डागांव जिले के कोकोड़ी गांव में गुरुवार देर रात ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित कोण्डागांव के प्लांट में घुस गए और जमकर तोडफ़ोड़ की।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने परिसर में खड़े कुछ वाहनों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। तोडफ़ोड़ के दौरान प्लांट को भारी क्षति होने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर खड़ी कार, ट्रक, हाइवा, जेसीबी और ट्रैक्टर सहित अन्य मशीनरी को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान प्लांट परिसर की लाइटें तोड़ी गईं और कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट और बदबू के कारण आसपास के क्षेत्रों में रहना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर वे पूर्व में भी कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। इसी असंतोष के चलते इस बार विरोध ने उग्र रूप ले लिया।

हालांकि, घटना के संबंध में ग्रामीणों ने मीडिया से औपचारिक बातचीत करने से इनकार किया है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली बदबू, गंदगी और फसल खराब होने जैसी समस्याओं से वे लंबे समय से परेशान हैं। इसी कारण वे प्लांट को बंद करने की मांग करते हुए पूर्व में भी कई बार विरोध प्रदर्शन किया गया है, लेकिन इस बार ग्रामीणों ने उग्र रास्ता अपना लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट