ताजा खबर

केंदई मोड़ पर दो कारों में भीषण टक्कर, दो की मौत, पांच घायल
13-Feb-2026 1:18 PM
केंदई मोड़ पर दो कारों में भीषण टक्कर, दो की मौत, पांच घायल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कोरबा, 13 फरवरी। मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केन्दई के पास नेशनल हाईवे के झरना मोड़ पर गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भिड़ंत से दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के दौरान दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे आगे बैठे यात्रियों की जान बच सकी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक एक मारुति अल्टो कार में चार लोग सवार थे। इनमें से दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। दूसरी कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं।

दोनों वाहन कोरबी क्षेत्र के निवासियों के बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतु राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट