ताजा खबर

पांच फीसदी मासिक लाभ का लालच देकर लोगों से वसूली, महीनों से था फरार
13-Feb-2026 1:12 PM
पांच फीसदी मासिक लाभ का लालच देकर लोगों से वसूली, महीनों से था फरार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 13 फरवरी। शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 8 करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी के इस मामले में आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, कई बैंक दस्तावेज, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है।

अखराभांठा (सक्ती) निवासी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष) ने 30 जनवरी को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में उनकी पहचान मेदी लाल देवांगन के माध्यम से कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी।

आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज देने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिक निवेशक जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच भी दिया गया। शुरुआत में कुछ महीनों तक चुनिंदा लोगों को ब्याज देकर भरोसा कायम किया गया।

इसके बाद अचानक कंपनी में घाटे का हवाला देते हुए भुगतान रोक दिया गया। जब निवेशकों को संदेह हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंचा।

पीड़ित और अन्य निवेशकों ने कुल 8 करोड़ 45 लाख रुपये नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के जरिए जमा किए थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट क्षेत्र से आरोपी विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की राशि से उसने एक क्रेटा कार खरीदी, सोना खरीदकर आईडीबीआई बैंक में जमा किया और अपने घर का रंग-रोगन कराया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और 30,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।  


अन्य पोस्ट