ताजा खबर

कांग्रेस सरकार ने माओवादी आतंक को संरक्षण दिया था-शाह
09-Feb-2026 7:32 PM
कांग्रेस सरकार ने माओवादी आतंक को संरक्षण दिया था-शाह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने माओवादी आतंक को संरक्षण दिया था।  उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत ञ्च2047 का शुभंकर बनेगा और राज्य ने 25 वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, कृषि क्षेत्र में वृद्धि हुई है, और स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। उन्होंने आदिवासी कल्याण पर भी जोर दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ में साक्षरता दर बढ़ी है और एकलव्य आवासीय विद्यालयों की संख्या बढ़ी है। माओवादी समस्या पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि यह विचारधारा आधारित चुनौती है और सरकार किसी पर गोली नहीं चलाना चाहती, बल्कि हथियार डालने वालों के लिए रेड कारपेट बिछा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर सहित माओवादी प्रभावित क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं।

...नक्सलवाद में कमी आने की बात कही थी-कांग्रेस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस का कहना है कि अमित शाह नक्सलवाद पर राजनीति कर रहे हैं और चार साल पहले खुद उन्होंने भूपेश सरकार के समय नक्सलवाद में कमी आने की बात कही थी।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि अमित शाह को गलत बयानी शोभा नहीं देती और वे राजनैतिक विद्वेष के कारण ऐसा कर रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय नक्सली घटनाओं में कमी आई थी और स्वंय अमित शाह ने 5 अप्रैल 2021 को मीडिया में बयान दिया था कि राज्य की भूपेश सरकार और केन्द्र सरकार ने मिलकर नक्सलवाद को पीछे खदेड़ दिया है।

शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विश्वास, विकास और सुरक्षा के मूल मंत्र से नक्सलवादी घटनाओं और नक्सलवाद पर कमी लाई थी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में कैंप बनाये गये, पहुंच मार्ग बनाये गये, स्कूल खोले गये, राशन दुकान और अस्पताल खोले गये, और 67 से अधिक वनोपजों की खरीदी की गयी।


अन्य पोस्ट