ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी । पश्चिम विधायक राजेश मूणत की पहल पर शहीद भगत सिंह वार्ड के टाटीबंध क्षेत्र में प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त 'महतारी सदन सह आंगनबाड़ी' का निर्माण पूर्ण हो चुका है।इस पर लगभग 85 लाख रुपये की लागत आई है।
महतारी सदन
4500 स्क्वायर फुट में फैली इस अत्याधुनिक इमारत को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहाँ आने वाली माताओं और बच्चों को घर जैसा सुरक्षित और सुखद वातावरण मिल सके। इस भव्य भवन में पृथक प्ले एरिया, अत्याधुनिक डाइनिंग एरिया, एक हाइजीनिक किचन, व्यवस्थित स्टोर रूम, डिजिटल लर्निंग के अनुकूल क्लास रूम और प्रशासनिक कार्यों के लिए ऑफिस रूम बनाया गया है।
श्री मूणत ने यहाँ महिला, पुरुष के साथ-साथ विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त वाशरूम का निर्माण कराया है।
भवन की सुंदरता को बढ़ाने के लिए सामने के विशाल क्षेत्र में आकर्षक पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं और सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक मजबूत पृथक बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया है।
मूणत का मानना है कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों का बचपन सुविधाओं के अभाव में नहीं दबना चाहिए। इसी विजन के साथ टाटीबंध के इस केंद्र में फिसल पट्टी, झूला, कैरम, सांप-सीढ़ी, शतरंज, बास्केटबॉल, पिट-बॉल और स्विंग (झूला) जैसी तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। यह आंगनबाड़ी अब सिर्फ एक पोषण केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक 'ग्रोथ सेंटर' बनेगा।
रायपुर पश्चिम में ऐसे चार अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र आकार ले रहे हैं, जो आगामी कुछ ही दिनों में लोकार्पण के लिए तैयार हो जाएंगे। विकास की इस निरंतरता को बरकरार रखते हुए विधायक श्री राजेश मूणत कल प्रातः 10:00 बजे डीडी नगर में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उद्यान का भूमि पूजन करेंगे।


