ताजा खबर

अमित शाह की बैठक का माहौल, नक्सलियों की चला-चली की बेला...
08-Feb-2026 4:57 PM
अमित शाह की बैठक का माहौल, नक्सलियों की चला-चली की बेला...

31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा-केंद्रीय गृहमंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को नक्सल ऑपरेशन पर मैराथन बैठक की। इसमें प्रभावित राज्यों के डीजीपी थे। बैठक में यह बात सामने आई है कि नक्सली तीन-चार जिलों तक सीमित रह गए, और कहा गया कि कुछ नक्सली जल्द हथियार डाल सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने नवा रायपुर के एक निजी होटल में प्रभावित राज्यों के आला अफसरों के साथ नक्सल अभियान की समीक्षा की। बैठक को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर लिखा कि छत्तीसगढ़ सरकार, और अधिकारियों के साथ नक्सल विरोधी अभियानों पर समीक्षा बैठक की।

उन्होंने आगे लिखा कि सिक्योरिटी सेंट्रिक स्ट्रेटजी, इंफ्रास्ट्रक्चर, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर प्रहार और आत्मसमर्पण नीति के पहले सकारात्मक परिणाम आए हैं, और इस 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में अब तक की कार्रवाई पर चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ में बीजापुर, और सुकमा के कुछ हिस्सों को छोडक़र बाकी जगह नक्सलियों का खात्मा हो चुका है। बैठक में यह बात सामने आई है कुल नक्सलियों की संख्या 2 सौ के आसपास रह गई, इनमें कुछ जल्द ही हथियार डाल सकते हैं। तेलंगाना, और ओडिशा के डीजीपी ने भी अपने यहां से नक्सल अभियान को लेकर जानकारी दी। बड़े कई प्रमुख नक्सलियों ने तेलंगाना में समर्पण किया है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

 

बैठक से पहले श्री शर्मा ने बताया कि शाह के साथ सभी राज्य के डीजीपी, एसीएस होम शामिल हो रहे हैं। यह बैठक नक्सल मुक्त की डेट लाइन 31 मार्च से पहले यह आखिरी  हो सकती है। बस्तर की जनता के इच्छा के अनुरूप बस्तर कैसा विकसित हो इस पर चर्चा होगी औपचारिक चर्चा में अमित शाह ने भी कहा है कि बस्तर को देश के सबसे समृद्ध व सुंदर क्षेत्र में से एक बनाना है।

बैठक में  केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल , सीमा सुरक्षा बल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक को लेकर सीएम विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत है।

डबल इंजन सरकार की सटीक सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार तथा प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम आज छत्तीसगढ़ सहित नक्सल दंश से पीडि़त सभी प्रदेशों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और आपके सशक्त मार्गदर्शन में हम 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के अपने संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ तीव्र गति से अग्रसर हैं।


अन्य पोस्ट