ताजा खबर

मरवाही में हनी बैजर के बाद सड़क पर दिखा बाघ
08-Feb-2026 2:09 PM
मरवाही में हनी बैजर के बाद सड़क पर दिखा बाघ

अचानकमार–कान्हा–बांधवगढ़ कॉरिडोर से आने की आशंका

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 8 फरवरी। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में इन दिनों वन्यजीवों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले दुर्लभ हनी बैजर (रैटल) की मौजूदगी दर्ज की गई थी और अब शुक्रवार रात सड़क पर बाघ के दिखाई देने से वन विभाग और स्थानीय लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। यह घटनाएं इस बात का संकेत मानी जा रही हैं कि यह इलाका बड़े वन्यजीवों के लिए एक महत्वपूर्ण आवागमन क्षेत्र बनता जा रहा है।

मरवाही वन क्षेत्र में बीती रात एक बाघ को सड़क पर दौड़ते हुए देखा गया। किसी राहगीर द्वारा बनाए गए वीडियो में बाघ के साथ एक लोमड़ी भी नजर आ रही है। वीडियो में अंधेरे में लोमड़ी की आंखें चमकती दिखती हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, कमजोर या भोजन की तलाश में भटकी लोमड़ियां अक्सर बाघ का पीछा करती हैं, क्योंकि बाघ के शिकार के बाद बचे अवशेषों से उन्हें भोजन मिल जाता है।

वीडियो में यह भी देखा गया कि सड़क के दोनों ओर लगी कांटेदार तार की बाड़ के कारण बाघ सड़क पार नहीं कर पा रहा था। सामने से आती गाड़ी की लाइट देखकर वह जल्दी सुरक्षित रास्ता तलाशने की कोशिश करता नजर आया। जानकारों का मानना है कि बाघ को कांटेदार तार से घायल होने का अंदेशा था, इसलिए वह सतर्क था।

वन अधिकारियों के मुताबिक, मरवाही वनमंडल का क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व, कान्हा टाइगर रिजर्व और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन गलियारों के जरिए जुड़ा हुआ है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि यह बाघ इन संरक्षित क्षेत्रों से भटककर मरवाही इलाके में पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी वनमंडल में बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई थी।

कुछ दिन पहले मरवाही क्षेत्र में ग्रामीणों ने हनी बैजर (रैटल) का वीडियो बनाया था। यह दुर्लभ जीव अपनी निडरता के लिए जाना जाता है और मधुमक्खियों व जहरीले सांपों से भी नहीं डरता। यहां तक कि कोबरा के काटने के बाद कुछ देर अचेत रहने के बावजूद वह फिर संभल जाता है। छत्तीसगढ़ में हनी बैजर का दिखना बेहद दुर्लभ माना जाता है।

लगातार मिल रही वन्यजीवों की मौजूदगी की सूचनाओं के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक जंगल या सूनसान सड़कों पर न जाने की सलाह दी जा रही है।

 


अन्य पोस्ट