ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 7 फरवरी। जिले में हाल के दिनों में स्कूलों की फेयरवेल पार्टियों के दौरान छात्रों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी के कई मामले सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्र कारों और ट्रैक्टरों पर स्टंट करते हुए स्कूल पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इन घटनाओं को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार फेयरवेल पार्टी के दिन कुछ छात्रों को कारों के बोनट पर बैठकर, खिड़कियों से बाहर लटककर और ट्रैक्टरों पर खड़े होकर सफर करते देखा गया। वायरल वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि कई छात्र तेज रफ्तार वाहनों में बिना किसी सुरक्षा के यात्रा कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कटगी क्षेत्र में हुई कार्रवाई
पहला मामला कटगी क्षेत्र से सामने आया, जहां शासकीय स्कूल के छात्रों द्वारा फेयरवेल के दौरान महंगी गाडिय़ों का उपयोग किया गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 16 बालिग छात्रों सहित कुल 26 वाहन चालकों पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां कुल 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कसडोल आत्मानंद स्कूल का मामला
दूसरा मामला कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल से जुड़ा है। यहां भी फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों द्वारा वाहनों में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि इस मामले में अब तक किसी आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
छेछर गांव में भी वायरल हुआ वीडियो
इसी प्रकार ग्राम छेछर से भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छात्र ट्रैक्टर और कारों में स्टंट करते हुए स्कूल पहुंचते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
इन घटनाओं के बाद जिले में छात्रों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और नागरिकों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल छात्रों के लिए बल्कि आम लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकते हैं।
लोगों का मत है कि स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और प्रशासन को मिलकर इस प्रवृत्ति पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति न बने।


