ताजा खबर

पीएम मोदी का टीएमसी पर तीखा निशाना, बोले- 'घुसपैठियों की वकालत करके यहां उपदेश दे रहे हैं'
06-Feb-2026 9:37 AM
पीएम मोदी का टीएमसी पर तीखा निशाना, बोले- 'घुसपैठियों की वकालत करके यहां उपदेश दे रहे हैं'

राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हमारे देश में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर दबाव बनाया जा रहा है.

पीएम मोदी ने कहा, "टीएमसी के साथियों ने काफ़ी कुछ कहा, लेकिन वे ख़ुद भी अपने गिरेबान में देखें. निर्मम सरकार के जितने मापदंड हैं, उन सबमें वो नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और यहां उपदेश दे रहे हैं."

"ऐसी निर्मम सरकार के कारण वहां के लोगों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है. लेकिन इनको कोई परवाह नहीं है. सत्ता सुख के अलावा कोई आकांक्षा नहीं है."

"दुनिया का हर समृद्ध देश अपने यहां से ग़ैरकानूनी नागरिकों को बाहर निकाल रहा है. जबकि हमारे देश में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर भी दबाव बनाया जा रहा है."

उन्होंने आगे कहा कि मेरे देश का नौजवान ऐसे लोगों को कैसे माफ़ करेगा, जो घुसपैठियों की वकालत कर रहे हैं. घुसपैठिये नौजवानों के हक़ छीन रहे हैं, उनकी रोज़ी-रोटी छीन रहे हैं, आदिवासियों की ज़मीन छीन रहे हैं. जिनको सत्ता नीति के अलावा कुछ करना नहीं, वे यहां आकर हमें उपदेश दे रहे हैं.

गौरतलब है कि बुधवार को ही टीएमसी नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समावेशी प्रक्रिया नहीं है. उन्होंने इसे विभाजनकारी बताते हुए कोर्ट से कहा "कृपया हमारे लोकतंत्र को बचा लें."  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट