ताजा खबर
ठाणे, 5 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी की सुजाता पाटिल को बृहस्पतिवार को नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) का महापौर निर्विरोध चुना गया। वहीं दशरथ भगत उपमहापौर होंगे।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि महापौर पद के लिए सरोज रोहिदास पाटिल और उपमहापौर पद की दौड़ से आकाश बालकृष्ण माधवी द्वारा अपना नाम वापस ले लेने के बाद सुजाता व दशरथ को निर्विरोध चुना गया।
पूर्व में पार्षद और महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रह चुकीं सुजाता पाटिल ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और परिवहन की योजना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेंगी।
पूर्व सांसद संजीव नाइक ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के बीच जो मतभेद नजर आ रहे थे, वे अब मिट चुके हैं।
उन्होंने कहा, “महायुति नवी मुंबई के विकास के लिए एकजुट होकर काम करेगी। भले ही शिवसेना विपक्ष में बैठे लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि वह विकास कार्यों का समर्थन करेगी।”
नवी मुंबई महानगरपालिका के 111 सदस्यों के लिये 15 जनवरी को हुए चुनाव में भाजपा ने 65 सीटें जीती थीं, जबकि शिवसेना को 43 सीटें मिलीं। शिवसेना (उबाठा) को दो सीटें और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई थी। (भाषा)


