ताजा खबर

प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में चुनावी रैली की तरह भाषण दिया, आत्ममुग्धता दिखी: कांग्रेस
05-Feb-2026 9:52 PM
प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में चुनावी रैली की तरह भाषण दिया, आत्ममुग्धता दिखी: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 5 फरवरी। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में चुनावी रैली की तरह भाषण दिया, जिसमें उनकी आत्ममुग्धता और ‘डायलॉगबाज़ी’ देखने को मिली।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज राज्यसभा में प्रधानमंत्री का एक और 97 मिनट का चुनावी रैली जैसा भाषण देखने को मिला। हमेशा की तरह यह भाषण गालियों और हमलों, तथ्यों की तोड़-मरोड़, नाटकीयता, इशारों और अपमानजनक टिप्पणियों से भरा था, और इसमें उनके हमेशा की तरह खुल्लमखुल्ला और बेशर्म झूठ भी शामिल थे।’’

रमेश ने दावा किया, ‘‘उनकी आत्ममुग्धता और डायलॉगबाज़ी के प्रति उनकी आसक्ति पूरे भाषण में साफ़ तौर पर दिखाई देती रही।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत आज विश्व में पैदा हो रहीं चुनौतियों के समाधान के लिए आशा की किरण बना हुआ है और दुनिया एक नयी वैश्विक व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रही है।

राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी देश के लोगों को ही समस्या मानते थे और ‘‘हम 140 करोड़ समाधान’’ के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास कोई योजना या दृष्टि नहीं थी; हम उनकी गलतियों को सुधारने में काफी समय लगा रहे हैं। (भाषा)


अन्य पोस्ट