ताजा खबर
छत्तीसगढ़ी वोटरों पर कांग्रेस-भाजपा की नजर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस, और भाजपा नेताओं को असम चुनाव में प्रचार की कमान सौंपी गई है। इस कड़ी में डिप्टी सीएम अरूण साव को 9 विधानसभा सीटों का प्रभार दिया गया है। जबकि कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पार्टी ने सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है। भूपेश के अलावा पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय तो असम कांग्रेस के प्रभारी सचिव हैं। उन्हें 50 विधानसभा सीटों का जिम्मा दिया गया है।
असम में अप्रैल में विधानसभा के चुनाव हैं। चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा तैयारी में जुटी है। दोनों ही दल ने छत्तीसगढ़ के नेताओं को वहां प्रचार में अहम जिम्मेदारी दी है। दरअसल, असम में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ी लोग निवासरत हैं। ये लोग पिछले कई दशक से असम के चाय बागानों में काम कर रहे हैं, और वहां स्थाई रूप से बस गए हैं।
कई सीटों पर छत्तीसगढ़ी वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। इन सबको देखते हुए भाजपा ने डिप्टी सीएम अरूण साव को असम की नौ सीटों का प्रभारी बनाया है। साव कल असम रवाना हो रहे हैं। वो विधानसभावार बैठक लेकर वापस आएंगे, और फिर चुनाव तक आना-जाना लगा रहेगा। इसी तरह कांग्रेस के पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय पिछले पांच साल से असम कांग्रेस के प्रभारी सचिव हैं। इस बार वो 50 सीट का प्रभार संभाल रहे हैं।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रमुख नेता पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पार्टी ने सीनियर ऑब्जर्वर बनाकर असम भेजा है। भूपेश एक बार विकास उपाध्याय के साथ असम का दौरा कर चुके हैं, और विधानसभावार बैठक ले रहे हैं। विकास भी कल असम के लिए रवाना होंगे। आने वाले दिनों में दोनों ही दलों के कई नेताओं को वहां प्रचार की जिम्मेदारी दी जा सकती है।


