ताजा खबर
अहमदाबाद, 4 फरवरी। अहमदाबाद के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने डेढ़ साल के एक बच्चे के पेट से प्लास्टिक का पूरा खिलौना बाहर निकाला है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे ने इस खिलौने को निगल लिया था जिससे उसकी आंतों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
अस्पताल के बाल शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि जब अभिभावक डेढ़ साल के बच्चे को सिविल अस्पताल लेकर आए तो पता चला कि उसके पेट में एक लोकप्रिय कॉमिक सुपरहीरो ‘हल्क’ के पात्र जैसा छोटा खिलौना फंसा हुआ था। डॉ. जोशी ने बताया कि खिलौने को पूरी तरह बाहर निकाल लिया गया।
वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, "अगर थोड़ी भी देरी होती, तो खिलौना पेट से आगे बढ़कर आंतों में फंस सकता था। ऐसी स्थिति में आंतों में रुकावट और उनके फटने का खतरा पैदा हो सकता था।"
डॉ. जोशी ने बताया कि 18 जनवरी को बच्चे की मां ने उसे उल्टी करते हुए और परेशान होते हुए देखा। एक खिलौना गायब होने पर उन्हें संदेह हुआ कि बच्चा उसे निगल गया है। खिलौना के निगलने की आशंका के कारण परिजन बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। अस्पताल में एक्स-रे करने पर पता चला कि बच्चे के पेट के भीतर पूरा खिलौना फंसा हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि बच्चे के पेट के भीतर फंसे खिलौने को निकालने की प्रक्रिया 19 जनवरी को पूरी की गई और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। (भाषा)


