ताजा खबर

राष्ट्रपति, मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
30-Jan-2026 12:42 PM
राष्ट्रपति, मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 30 जनवरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को राजघाट स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी राजघाट स्मारक जाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।

वहां उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रपिता की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा।

स्मारक स्थल पर आयोजित एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गांधीजी के पसंदीदा भजन ‘‘रघुप्तति राघव राजा राम’’ समेत कई भक्ति गीत गाए गए।

मोहनदास करमचंद गांधी, जिन्हें महात्मा गांधी के नाम से जाना जाता है, ब्रिटिश शासन से भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष में प्रमुख व्यक्ति थे। 30 जनवरी, 1948 को दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या कर दी थी। (भाषा)


अन्य पोस्ट