ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 30 जनवरी। प्रदेशभर में धान खरीदी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी ने जांजगीर जिला मुख्यालय में गुरुवार को प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन और रैली में किसानों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला और महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश बघेल ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए शुक्ला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों को लगातार परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की घोषणा 15 नवंबर की गई थी, लेकिन कई केंद्रों में देरी से प्रक्रिया शुरू हुई। नतीजतन आज भी बड़ी संख्या में किसान अपनी पूरी फसल नहीं बेच पाए हैं, जबकि खरीदी की समय-सीमा समाप्त होने वाली है। सरकार ने सभी किसानों से धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब वह उससे पीछे हटती दिख रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कथित साजिश के तहत छोटे किसानों की बोआई रकबा घटाया गया और टोकन व्यवस्था को जटिल बना दिया गया। सीमित टोकन और प्रतिदिन की कम खरीदी सीमा के कारण किसान घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं।
महिला विंग अध्यक्ष मिथिलेश बघेल ने मांग की कि 28 फरवरी तक धान खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए और आत्महत्या के कगार पर खड़े किसानों से तत्काल धान खरीदा जाए। जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत कश्यप ने कहा कि बीज, खाद और एग्रीस्टैक प्रणाली की खामियों ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रशासन से बातचीत के बाद रैली को आगे बढ़ने की अनुमति मिली और कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


