ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 जनवरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा है कि सरकार किसानों को चोर समझ रही है। अधिकारी किसानों के घर जाकर यह जांच कर रहे हैं कि जितना धान टोकन में दर्ज है, उतना धान उनके पास है या नहीं। सिंहदेव ने इसे किसानों का अपमान बताया।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों के पदभार ग्रहण समारोह में पहुंचे सिंहदेव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि दो साल का समय बीतने के बावजूद भाजपा सरकार धान खरीदी की व्यवस्था नहीं सुधार पाई। गिरदावरी के बाद भी पंजीयन नहीं होना और टोकन की बाध्यता इस बात का संकेत है कि सरकार किसानों का पूरा धान नहीं खरीदना चाहती।
उन्होंने कहा कि पिछले साल सरकार राइस मिलरों से समन्वय नहीं कर पाई, जिससे धान सीधे मिलों की जगह संग्रहण केंद्रों में रखा गया। इससे परिवहन और भंडारण का अतिरिक्त खर्च बढ़ा और धान भी खराब हुआ। इस साल भी हालात बेहतर नहीं हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवीन को “बॉस” बताए जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बस नवीन मोदी जी का सीआर अच्छे से लिख दें। सिंहदेव ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुए व्यवहार को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि जो सरकार सनातन और हिंदुत्व की बात करती है, वही शंकराचार्य को रोकती है, संतों के साथ बदसलूकी करती है। यह बेहद दुखद है।


