ताजा खबर
स्काउट्स एवं गाइड्स में नियुक्ति विवाद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 7 जनवरी। जंबूरी के आयोजन से जुड़े विवाद के बीच यह बात सामने आई है कि महीने भर पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की जगह स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य अध्यक्ष पद पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की नियुक्ति कर दी गई थी।
बुधवार को मीडिया में स्कूल शिक्षा मंत्री की स्काउट्स एंड गाइड्स की राज्य इकाई के अध्यक्ष पद पर की नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
आदेश से स्पष्ट है कि गजेन्द्र यादव गत 12 दिसंबर को ही स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ के पदेन अध्यक्ष मनोनीत हो गए थे। जबकि सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आफिस से जारी प्रेस नोट में दावा किया गया,कि वो पद से इस्तीफा नहीं दिया है। अध्यक्ष बने हुए हैं।
प्रेस नोट में बताया गया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर, जंबूरी, स्थान-दुघली, जिला-बालोद
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, दिल्ली एक पंजीकृत संस्था है, जिसकी विभिन्न राज्यों में इकाइयों हैं। छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट्स एवं गाइड्स इसकी राज्य इकाई के रूप में संचालित है। राज्य इकाई, राष्ट्रीय इकाई द्वारा जंबूरी का आयोजन की अनुमति मिलने के पश्चात बालोद में जंबूरी का आयोजन किया जा रहा है।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की कंडिका 17 अनुसार भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के संरक्षक म मुख्यमंत्री द्वारा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं राज्य मुख्य आयुक्त का मनोनयन किया जायेगा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा इसमें यह अनुमोदन किया गया कि अध्यक्ष अपनी सुविधानुसार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर सकते हैं।
राज्य इकाई के पदेन अध्यक्ष गजेन्द्र यादव, मंत्री, स्कूल शिक्षा है। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के पश्चात द.2025 को स्कूल शिक्षा मंत्री को अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है तथा इसका अनुमोदन 2 जनवरी को 2026 को राज्य परिषद की बैठक में सर्व सम्मति से किया गया है।
राज्य परिषद् की बैठक में प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी, जिला-बालोद की आवश्यक तैयारी पर विस्तृत चर्चा कर सर्वसम्मति से पारित किया गया।
प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में व्यय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह जानकारी दी गई कि राज्य शासन द्वारा 10 करोड का बजट जंबूरी हेतु स्वीकृत किया गया है, जिसमें 05 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति शासन द्वारा दे दी गई है। बैठक में शेष 05 करोड़ के लिए शासन से मांग की गई।
राज्य सचिव भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा 26 नवंबर को संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र में यह निवेदन किया था कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की जेम आई.डी. नहीं होने के कारण टेंडर प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। अतः समस्त व्यवस्था हेतु आपके अधिनस्थ संस्थाओं को अधिकृत करने का कष्ट करें। इसीलिए जंबूरी के समस्त कार्यों के निविदा हेतु राज्य शासन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को जेम पोर्टल से जंबूरी कार्य हेतु अनुमति प्रदान की गई है।
चूंकि समस्त व्यवस्था हेतु जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद को अधिकृत किया गया था, इसीलिए टेंडर संबंधी कार्यवाही उनके द्वारा की जा रही है।
टेंडर की विभिन्न शर्तों के निर्माण एवं अन्य तकनीकी कार्यवाही हेतु कलेक्टर, बालोद द्वारा कय समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष एडीएम बालोद हैं तथा सदस्य सचिव, जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद है। समिति में अध्यक्ष एवं सचिव सहित कुल 09 सदस्य है।
राष्ट्रीय जंबूरी में बिजली, पानी, आवास आदि समस्त आवश्यक तैयारी राज्य इकाई, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा की गई है, परन्तु जंबूरी का संचालन राष्ट्रीय इकाई द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम आयोजन के लिए नेशनल इकाई एवं राज्य इकाई द्वारा एम.ओ.यू. किया गया है, जिसके अनुसार समस्त तैयारियाँ राष्ट्रीय इकाई द्वारा निर्धारित नियम के अनुसार की गई है। श्री अमरदीप क्षेत्री, संयुक्त निदेशक, राष्ट्रीय इकाई, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स को जंबूरी आर्गनाइजर नियुक्त किया गया है। जंबूरी के सफल संचालन हेतु पूरे देश के सभी राज्यों से लगभग 1500 स्टॉफ की नियुक्ति राष्ट्रीय इकाई की गई है। आज सभी जंबूरी स्थल पर पहुंच चुके हैं।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली द्वारा प्रत्येक राज्य को एक निर्धारित कोटा दिया गया है, इसके अनुसार ही लगभग 12000 रोवर्स एवं रेंजर इस जंबूरी में सम्मिलित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त विदेश से भी रोवर, रेंजर एवं ऑफिशियल के आने की सूचना है।


