ताजा खबर
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में देश को बेच दिया गया है.
राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कहा, "प्रधानमंत्री शर्म की बात करते हैं. शर्म की बात मैं आपको बताता हूं. आपने अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देश को बेच दिया, हमारे देश का डेटा दे दिया, किसानों को ख़त्म कर दिया और टेक्सटाइल इंडस्ट्री बर्बाद कर दी. ये शर्म की बात है."
उन्होंने आगे कहा, "एपस्टीन फ़ाइल्स में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना, शर्म की बात है."
राहुल गांधी ने कहा, "पूरा देश जानता है कि अदानी पर अमेरिका में चल रहे केस ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है. यह बीजेपी और आपके फ़ाइनेंशियल आर्किटेक्चर पर केस है."
राहुल ने वीडियो में कहा, "मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अदानी और अपने लिए जो उचित समझें, वो कीजिए. मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे, एक इंच पीछे नहीं हटेंगे."
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था, "एआई समिट भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था. लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी. पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय गरजते हैं." (bbc.com/hindi)


