ताजा खबर
कोझिकोड, 23 फरवरी। केरल में कोझिकोड के वलियांगडी में सोमवार को नगर निगम के स्वामित्व वाली एक इमारत में 50 मीटर लंबा कंक्रीट का ‘स्लैब’ गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मारे गए लोगों की पहचान जब्बार, अशरफ और बशीर के रूप में हुई है, जो वलियांगडी में कोझिकोड निगम के स्वामित्व वाली दो मंजिला इमारत में सामान लादने का काम करते थे।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं।
इसने कहा कि यह घटना पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच उस समय हुई जब मजदूर सामान लादने का काम करने के बाद एक बंद दुकान के सामने आराम कर रहे थे और उन पर कंक्रीट का 50 मीटर लंबा ‘स्लैब’ गिर गया।
पुलिस ने बताया कि हालांकि स्थानीय लोगों ने उन्हें पास के अस्पतालों में पहुंचाया, लेकिन उनमें से तीन ने दम तोड़ दिया।
कोझिकोड नगर निगम और पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने कोझिकोड नगर निगम कार्यालय और महापौर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
विपक्षी दलों ने कहा कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) शासित कोझिकोड नगर निगम के स्वामित्व वाली यह इमारत संचालन के लिए अनुपयुक्त थी क्योंकि इसका निर्माण सात दशक से भी अधिक समय पहले हुआ था।
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया, “पिछली परिषद ने इमारत को रहने लायक नहीं बताया था और इसे गिराने का फैसला किया था। लेकिन इमारत में दुकानें और गोदाम अब भी संचालित हो रहे थे।”
उन्होंने कहा कि ये मौतें नगर निगम की लापरवाही के कारण हुईं।
इन पार्षदों ने महापौर ओ सदाशिवन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग की।
बाद में, पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे पार्षदों को नगर निगम कार्यालय से बाहर निकाल दिया। (भाषा)


