ताजा खबर

उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, पाट क्षेत्रों में पारा 1.5 डिग्री तक गिरा, अंबिकापुर में 3 डिग्री के करीब
07-Jan-2026 7:20 PM
उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, पाट क्षेत्रों में पारा 1.5 डिग्री तक गिरा, अंबिकापुर में 3 डिग्री के करीब

सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और कोरिया जिलों में प्रायमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने आदेश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 7 जनवरी। 
उत्तर छत्तीसगढ़ में इस बार जनवरी की शुरुआत से ही कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ठंड का असर इतना ज्यादा है कि कई वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पाट क्षेत्रों में यह 1.5 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार जारी शीतलहर के कारण पूरे संभाग में ओस की बूंदें जमने लगी हैं और लोग भारी ठंड का सामना कर रहे हैं।

लगातार गिरते तापमान को देखते हुए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और कोरिया जिलों में प्रायमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल पहले की तरह संचालित होंगे, हालांकि दो पालियों में चलने वाली कक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है। अब पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 12.30 बजे तक और दूसरी पाली 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक लगेगी। यह व्यवस्था सभी शासकीय, अर्धशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगी।

बुधवार को तापमान में आई तेज गिरावट के चलते मैनपाट, सामरी और सोनहत क्षेत्रों में भी पाला जम गया। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी तापमान 2 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। तापमान अत्यधिक कम होने के कारण कोहरा दिखाई नहीं पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह का औसत न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहा, जो 2011 के बाद सबसे कम है।
 मौसम विज्ञानी ए.एम. भट्ट ने बताया कि आसमान साफ रहने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है और आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत की संभावना नहीं है। विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।


अन्य पोस्ट