ताजा खबर

नेपाल में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो से सांप्रदायिक तनाव, गृह मंत्रालय ने बैठक की
07-Jan-2026 10:15 AM
नेपाल में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो से सांप्रदायिक तनाव, गृह मंत्रालय ने बैठक की

नेपाल के मधेस के कुछ जिलों में सांप्रदायिक तनाव की ख़बरें आ रही हैं.

दरअसल सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक कथित धार्मिक वीडियो को लेकर दो समूहों के बीच तनाव पैदा हो गया है.

बीबीसी नेपाली की ख़बर के मुताबिक़ पिछले शनिवार को आक्रोशित लोगों ने धनुषा के कमला नगरपालिका में एक पुलिस चौकी को घेर लिया और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म टिकटॉक पर पोस्ट किए गए एक संदेश का हवाला देते हुए एक मस्जिद में तोड़फोड़ की.

एक स्थानीय पत्रकार मोहम्मद हदीस ने बताया कि इसके बाद रविवार को बीरगंज में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. फिर हिंदूवादी संगठनों ने भी प्रदर्शन किया. इस वजह से बीरगंज में तनाव काफ़ी बढ़ गया. भारी तनाव को देखते हुए प्रशासन ने वहां कर्फ्यू लगा दिया है.

पुलिस ने बताया कि सोमवार को प्रतिबंध का उल्लंघन करने के आरोप में 26 लोगों को गिरफ़्तार किया गया.

बीरगंज का इलाका बिहार से सटा हुआ है. रविवार को एक टिकटॉक वीडियो को लेकर दो समूहों में विवाद हुआ था.

सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से हिंदू और मुस्लिम समुदायों के नेताओं, राजनीतिक दलों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से चर्चा की.

गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि वो इस घटना पर नज़र बनाए हुए हैं.

धनुषा की एक मस्जिद में तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल की अध्यक्षता में रविवार को केंद्रीय सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी.

गृह मंत्री आर्यल ने मुस्लिम समुदाय के नेताओं से भी बातचीत की.

मंत्रालय के प्रवक्ता आनंदराज काफले का कहना है, "निर्देश जारी किए गए हैं कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों से सख्ती से निपटा जाए."

सोमवार को मंत्रालय ने तराई के 21 जिलों की ज़िला सुरक्षा समितियों के अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की.

इस बैठक में तीनों सुरक्षा एजेंसियों के प्रांतीय प्रमुख भी उपस्थित थे और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए "प्रांतीय और स्थानीय स्तरों के साथ समन्वय" करने पर सहमति बनी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट